Samachar Nama
×

'लव एंड वॉर' में आलिया भट्ट का ग्लैमरस अवतार, सामने आया पहला पोस्टर

'लव एंड वॉर' में आलिया भट्ट का ग्लैमरस अवतार, सामने आया पहला पोस्टर
'लव एंड वॉर' में आलिया भट्ट का ग्लैमरस अवतार, सामने आया पहला पोस्टर

मुंबई, 25 सितंबर (आईएएनएस)। आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है, लेकिन इस बार दोनों का अंदाज काफी अलग दिखाई देने वाला है। संजय लीला भंसाली की आने वाली फिल्म 'लव एंड वॉर' को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है। हाल ही में फिल्म से रणबीर कपूर का पहला लुक सामने आया था और अब मेकर्स ने आलिया भट्ट के किरदार की पहली झलक भी शेयर कर दी है। पोस्टर में आलिया बेहद ग्लैमरस अंदाज में नजर आ रही हैं और उनका लुक पुराने दौर के कैबरे डांस की यादलाता है।

भंसाली प्रोडक्शंस ने इंस्टाग्राम पर आलिया भट्ट का पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में आलिया को वाइन रेड कलर की आउटफिट में दिखाया गया है। उन्होंने क्रॉप्ड ब्लाउज और फ्लोइंग स्कर्ट पहनी हुई है। उनके आउटफिट में फेडर्स भी लगे हुए हैं, जो उनके पूरे लुक कैबरे डांसर वाला अंदाज दे रहे हैं। आलिया पोस्टर में बैठी हुई नजर आ रही हैं और उनके पीछे रेड कलर के बड़े पर्दे दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही पीछे जगमगाती लाइट्स भी हैं, जिससे पूरा सेटअप डांस शो जैसा लग रहा है।

पोस्टर में आलिया का अंदाज 70 के दशक की मशहूर कैबरे डांसर हेलन की याद दिलाता है। उस दौर में हेलन अपने खास डांस नंबर और अलग अंदाज के लिए काफी मशहूर थीं।

आलिया के पोस्टर के साथ भंसाली प्रोडक्शंस ने कैप्शन में लिखा, ''आग भी, दिलों की जान भी। संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी।''

वहीं आलिया ने भी इस पोस्टर को शेयर करते हुए लिखा, 'रीयूनाइटेड'।

आलिया का फर्स्ट लुक रणबीर कपूर के पोस्टर के सामने आने के एक दिन बाद जारी किया गया है। संजय लीला भंसाली ने फिल्म से रणबीर कपूर के दो पोस्टर्स जारी किए थे, जिसमें वह एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में उन्हें कार चलाते हुए दिखाया गया। इस दौरान उनका हाथ खून से लथपथ है और टीशर्ट पर गोली के निशान है। मेकर्स ने रणबीर के पोस्टर के साथ लिखा, 'वो रुतबा, रुवाब और वो जुनून'।

बता दें कि 'लव एंड वॉर' में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन और निर्माण संजय लीला भंसाली कर रहे हैं। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसकी स्टारकास्ट और भंसाली के साथ रणबीर-आलिया की जोड़ी को लेकर काफी चर्चा रही है।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story