Samachar Nama
×

लॉर्ड्स वनडे से पहले युवराज सिंह ने बजाई मशहूर 'पांच-मिनट वाली घंटी'

लॉर्ड्स वनडे से पहले युवराज सिंह ने बजाई मशहूर 'पांच-मिनट वाली घंटी'
लॉर्ड्स वनडे से पहले युवराज सिंह ने बजाई मशहूर 'पांच-मिनट वाली घंटी'

लंदन, 19 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने रविवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और इंग्लैंड के बीच हो रहे तीसरे वनडे को यादगार बना दिया। युवराज ने मैच की शुरुआत का संकेत देने के लिए मैदान की मशहूर 'पांच-मिनट वाली घंटी' बजाई।

युवराज पेविलियन में 'बॉलर्स राइटिंग रूम' के बाहर लगी मशहूर घंटी के पास खड़े हुए और उत्साहित दर्शकों के सामने यह सम्मानजनक रस्म पूरी की। उनके पीछे उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेजल कीच के साथ-साथ मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के अधिकारी और सदस्य भी मौजूद थे। वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी ब्रायन लारा और क्लाइव लॉयड भी वनडे सीरीज के इस निर्णायक मैच के लिए वहां मौजूद थे। युवराज सिंह 2011 वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे थे।

युवराज सिंह लॉर्ड्स की मशहूर पांच-मिनट वाली घंटी बजाएंगे, इसकी घोषणा पूर्व में कर दी गई थी।

लॉर्ड्स में घंटी बजाने की परंपरा 2007 में शुरू हुई थी। इसके तहत किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर, प्रशासक या खेल के जाने-माने प्रशंसक को घंटी बजाने के लिए बुलाया जाता है, ताकि यह संकेत दिया जा सके कि दिन का खेल शुरू होने में पांच मिनट बाकी हैं।

'होम ऑफ क्रिकेट' (क्रिकेट का मक्का) कहे जाने वाले लॉर्ड्स में युवराज की मौजूदगी ने 2002 में इसी मैदान पर भारत की ऐतिहासिक नेटवेस्ट सीरीज जीत की यादें ताजा कर दीं। फाइनल में युवराज ने 63 गेंदों पर 69 रन बनाए थे। युवराज ने अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए 40 टेस्ट, 304 वनडे, और 58 टी20 मैच खेले।

क्रिकेट से संन्यास के बाद युवराज सिंह बतौर कोच किसी टीम के साथ नहीं जुड़े हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, प्रभसिमरन सिंह जैसे खिलाड़ियों को मेंटॉर किया है।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story