लंदन में भारत की आजादी के लिए की थी आवाज बुलंद, क्रांतिकारी मदन लाल ढींगरा के बलिदान दिवस पर भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस) लंदन में ब्रिटिश अधिकारी कर्जन वायली की हत्या कर अंग्रेजी शासन के अत्याचारों का बदला लेने वाले महान क्रांतिकारी मदनलाल ढींगरा के बलिदान दिवस पर केंद्रीय मंत्रियों में समेत भाजपा नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा नेताओं ने कहा कि मदनलाल की वीर गाथा आज भी सभी भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट में कहा, "महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता सेनानी मदनलाल ढींगरा ने अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष के कारण जब उन पर मुकदमा चला, तब उन्होंने निडर होकर अपने लिए फांसी की सजा की मांग की। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए वे हंसते-हंसते शहीद हो गए। उनके बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनका साहस और देश के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।"
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पर लिखा, "अमर क्रांतिकारी, महान देशभक्त मदन लाल ढींगरा के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। भारत की स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले मदन लाल ढींगरा का जीवन अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति और त्याग की प्रेरक गाथा है। एक समृद्ध परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने सुख-सुविधाओं का जीवन छोड़कर देश की स्वतंत्रता को अपना सर्वोच्च ध्येय बनाया।"
उन्होंने कहा, "लंदन में रहते हुए उन्होंने भारत की गुलामी के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की और ब्रिटिश शासन को खुली चुनौती दी। मदन लाल ढींगरा जी का बलिदान उस दौर के युवाओं में स्वतंत्रता, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रखर करने वाला था। उनका साहस, त्याग और दृढ़ संकल्प आज भी युवाओं को देशप्रेम की प्रेरणा देता है।"
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "मां भारती के वीर सपूत, महान स्वतंत्रता सेनानी मदनलाल ढींगरा के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र अभिवादन।"
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पोस्ट में लिखा, "अल्पायु में ही मां भारती को परतंत्रता की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले, अमर शहीद मदन लाल ढींगरा जी के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी निडरता एवं क्रांतिकारी विचार सदैव राष्ट्रजागृति का कार्य करते रहेंगे।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा, "मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले अमर क्रांतिकारी मदन लाल ढींगरा के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनका अप्रतिम साहस, राष्ट्रप्रेम और सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।"
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी एवं राष्ट्रभक्त मदन लाल ढींगरा की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए उनका अदम्य साहस, त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में कहा, "मां भारती के वीर सपूत, महान क्रांतिकारी और अमर बलिदानी मदन लाल ढींगरा के बलिदान दिवस पर कोटिशः नमन। देशभक्ति से ओत-प्रोत आपकी जीवनगाथा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने एक्स पोस्ट में कहा, "अल्पायु में ही देश के लिए शहीद होने वाले महान क्रांतिकारी एवं मां भारती के अमर सपूत मदन लाल ढींगरा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उनका अदम्य साहस और अटूट राष्ट्रभक्ति देश की युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणापुंज रहेगी।"
बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान क्रांतिकारी मदनलाल ढींगरा की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।"
बता दें कि 1 जुलाई 1909 को ढींगरा ने लंदन में ब्रिटिश अधिकारी सर विलियम हट कर्जन वायली की हत्या कर दी थी। कर्जन वायली भारत के लिए सचिव के राजनीतिक सहायक थे और गुप्त पुलिस के प्रमुख थे, जो इंडिया हाउस की गतिविधियों पर नजर रखते थे। 23 जुलाई 1909 को ढींगरा का मुकदमा ओल्ड बेली कोर्ट में शुरू हुआ। उन्होंने स्वयं अपनी पैरवी की और ब्रिटिश अदालत की वैधता को स्वीकार नहीं किया। 17 अगस्त 1909 को मदन लाल ढींगरा को लंदन की पेंटनविल जेल में फांसी दे दी गई थी।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

