धुएं और लपटों के बीच फंसी जिंदगियां: कुर्ला की 13 मंजिला बिल्डिंग की डक्ट में आग, 3 बच्चों समेत 9 घायल
मुंबई के कुर्ला इलाके में मंगलवार सुबह एक 13 मंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में तीन बच्चों समेत कुल 9 लोग घायल हो गए। घटना कुर्ला वेस्ट स्थित कोहिनूर HDIL बिल्डिंग नंबर-5 की है, जहां सुबह करीब 6:53 बजे इलेक्ट्रिक डक्ट में आग लगी थी।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुबह 7:21 बजे तक आग पर काबू पा लिया। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, इमारत में फैले धुएं के कारण 8 लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई, जबकि एक व्यक्ति के दाएं पैर में चोट आई।
घायलों में 5 साल का बच्चा, दो किशोरियां और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। आग लगने के कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान की जांच की जा रही है।
मुंबई के अमरसन्स स्टोर में आग, मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां
मुंबई में मंगलवार सुबह भुलाभाई देसाई रोड स्थित अमरसन्स स्टोर में भी आग लगने की घटना सामने आई। दमकल विभाग को सुबह करीब 8 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद चार फायर इंजन समेत दमकल की अन्य गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया।
आग बुझाने के अभियान में पुलिस, लोक निर्माण विभाग (PWD) और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के कर्मचारी भी शामिल हुए। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग कैसे लगी और कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
कोलकाता के बाघा जतिन बाजार में लगी आग, 15 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
कोलकाता के बाघा जतिन इलाके में सोमवार सुबह एक बाजार में आग लग गई। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग ने 15 गाड़ियों को मौके पर भेजा। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे से भी कम समय में आग पर काबू पा लिया।
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। हालांकि, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर 20 लाख रुपये से ज्यादा का सोना जब्त
गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने दुबई से आए एक यात्री के पास से 20.12 लाख रुपये से अधिक कीमत का सोना बरामद किया है।
अधिकारियों ने यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे जांच के लिए रोका था। उसके कैबिन बैगेज की तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग में एक संदिग्ध पैच मिला। जांच में पता चला कि कपड़े के पैच के अंदर सोने का पेस्ट एक परत के रूप में छिपाया गया था।
सोने के पेस्ट को निकालकर पिघलाने पर 133.450 ग्राम 24 कैरेट सोना बरामद हुआ। इसकी कीमत 20,12,426 रुपये आंकी गई है। कस्टम विभाग ने कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत सोना जब्त कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।
दिल्ली के बवाना में दुकान के बाहर पांच राउंड फायरिंग, आरोपी फरार
दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द इलाके में मंगलवार को फायरिंग की घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक, कुछ बदमाशों ने एक दुकान के बाहर करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह, आरोपियों की पहचान और किसी के घायल होने के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

