Samachar Nama
×

अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हैरी बॉक्सर, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग से लेकर सलमान खान को धमकी देने तक कई मामलों में आरोपी

अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हैरी बॉक्सर, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग से लेकर सलमान खान को धमकी देने तक कई मामलों में आरोपी

लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका लगा है। गैंग से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) एजेंसी ने उसे कैलिफोर्निया में पकड़ा है। बताया जा रहा है कि हैरी बॉक्सर अमेरिका में रहकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा था। भारत में उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और धमकी देने जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड की कई चर्चित हस्तियों को धमकी देने के मामलों में भी सामने आ चुका है। उस पर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का आरोप है। इसके अलावा अभिनेता सलमान खान और कॉमेडियन कपिल शर्मा समेत कई लोगों को धमकाने के मामले में भी उसका नाम जुड़ा है।

रणवीर सिंह से मांगे थे 10 करोड़ रुपये!

हैरी बॉक्सर पर अभिनेता रणवीर सिंह को भी धमकी देने का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने रणवीर सिंह के मैनेजर को कथित तौर पर वॉइस नोट भेजा था। इसमें 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।

पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा का नाम भी इस मामले से जुड़ा है। एक कथित वायरल ऑडियो में सलमान खान से नजदीकियों का हवाला देते हुए गुरु रंधावा के दिल्ली स्थित जिम पर फायरिंग कराने की बात कही गई थी। वहीं, कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर भी फायरिंग की घटना हो चुकी है।

2024 में भारत छोड़कर अमेरिका भागा था हैरी बॉक्सर

बताया जाता है कि हैरी बॉक्सर साल 2024 में भारत से फरार होकर अमेरिका पहुंचा था। वहां रहकर वह कथित तौर पर गैंग की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

इससे पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया जा चुका है। दोनों भारत में कई आपराधिक मामलों में वांछित बताए जाते हैं।

तुषार कपूर से मांगे गए थे 5 करोड़ रुपये

हैरी बॉक्सर का नाम हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को धमकी देकर फिरौती मांगने के मामले में भी सामने आया था। 3 नवंबर को सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम से फोन कर 5 करोड़ रुपये मांगे गए थे।

इसके बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने फोन कॉल की रिकॉर्डिंग का हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से मिलान किया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों आवाजें मेल नहीं खाती थीं।

फिलहाल अमेरिका में हैरी बॉक्सर को हिरासत में लिया जाना भारतीय एजेंसियों के लिए भी अहम माना जा रहा है। अब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और भारत में दर्ज मामलों को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।

Share this story

Tags