शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर लॉ छात्रा की चाकू मारकर हत्या, वीडियो में जाने बेंगलुरु में सनसनी; आरोपी भाई गिरफ्तार
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद एक लॉ छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्ता खत्म करने से नाराज युवक के भाई ने छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान अमृता के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु के कोडीहल्ली इलाके में रहती थी। आरोप है कि 13 जुलाई की शाम करीब साढ़े 4 बजे सूर्या नाम के युवक ने उस पर चाकू से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल अमृता की मंगलवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई।
पहले तय हुई थी शादी, फिर टूटा रिश्ता
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमृता और आरोपी सूर्या के भाई धनुष के बीच पहले प्रेम संबंध थे। दोनों की शादी भी तय हो गई थी, लेकिन बाद में अमृता को पता चला कि धनुष की पहले भी शादी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार, धनुष का पहले तलाक हो चुका था और उसका एक बच्चा भी है। य जानकारी छिपाए जाने से अमृता नाराज हो गई और उसने शादी का प्रस्ताव ठुकराते हुए रिश्ता खत्म कर दिया। इसके बाद उसने धनुष से दूरी बना ली।
फैसले से नाराज था आरोपी
पुलिस का कहना है कि अमृता के इस फैसले से सूर्या नाराज था। आरोप है कि उसने कथित तौर पर पहले धमकी भी दी थी कि उसके भाई का रिश्ता ठुकराने का परिणाम अमृता को भुगतना पड़ेगा।13 जुलाई को अमृता के घर पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोप है कि सूर्या ने चाकू निकालकर अमृता के सीने और पीठ पर कई वार कर दिए। हमला करने के बाद वह मौके से भागने की कोशिश करने लगा।
धनुष और सूर्या दोनों गिरफ्तार
घटना के बाद जेबी नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धनुष और सूर्या दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या घटना के दौरान अचानक हमला किया गया।
धार्मिक आयोजनों के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, अमृता, धनुष और सूर्या एक ही इलाके के रहने वाले थे। दोनों परिवार धार्मिक आयोजनों के दौरान एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। इसी दौरान अमृता और धनुष की दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।हालांकि, रिश्ते से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने के बाद अमृता ने शादी से इनकार कर दिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने इस वारदात को किस योजना के तहत अंजाम दिया।
इलाके में गुस्सा और चिंता का माहौल
युवती की हत्या की घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।

