शादी से इनकार पर लॉ स्टूडेंट पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत; CCTV फुटेज आया सामने
बेंगलुरु में शादी का प्रपोजल ठुकराने पर 22 साल की लॉ स्टूडेंट पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना एचएएल रोड के कोडिहल्ली इलाके में 13 जुलाई की शाम करीब साढ़े 4 बजे हुई थी। हमले में गंभीर रूप से घायल छात्रा ने दो दिन बाद 15 जुलाई की शाम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है।
मृत छात्रा की पहचान अमृता के रूप में हुई है। पुलिस ने दिनदहाड़े हुई इस हत्या के मामले में धनुष और उसके छोटे भाई सूर्य को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, अमृता, धनुष और सूर्य एक ही इलाके में रहते थे। दोनों परिवार एक-दूसरे को धार्मिक आयोजनों के जरिए पहले से जानते थे। इसी वजह से अमृता और धनुष की भी पहचान हुई। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती थी, जो बाद में रिलेशनशिप में बदल गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बाद में अमृता को धनुष के अतीत के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, धनुष पहले से शादीशुदा था। उसका तलाक हो चुका था और उसका एक बच्चा भी है। यह जानकारी सामने आने के बाद अमृता ने रिश्ता खत्म कर दिया और धनुष से दूरी बना ली।13 जुलाई को दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान मामला बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, धनुष के छोटे भाई सूर्य ने अमृता पर चाकू से हमला कर दिया। उसने अमृता के सीने और पीठ पर चाकू से वार किए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर हालत में अमृता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। लेकिन 15 जुलाई की शाम उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और CCTV फुटेज समेत अन्य सबूत जुटाए।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमले की पूरी वजह क्या थी और वारदात में दोनों आरोपियों की भूमिका क्या रही।

