अभिषेक बनर्जी के घर पर देर रात हमला, फुटेज में देंखे हथियार लेकर घुसे लोग और फेंके पत्थर; BJP-TMC समर्थकों में झड़प, कई घायल
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे उनके घर पर हमला किया गया। उन्होंने इस घटना के पीछे भाजपा समर्थकों का हाथ होने का दावा किया है। अभिषेक बनर्जी के मुताबिक, उनके जन्मदिन के मौके पर कुछ लोग हथियार लेकर उनके घर में घुस आए और पत्थरबाजी की। उन्होंने इस घटना को अपनी जान लेने की साजिश बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया। हमले की जानकारी सामने आने के बाद वह अपने समर्थकों के साथ कोलकाता स्थित अपने आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान भाजपा और टीएमसी समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। घटना में महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की खबर है।
घर के बाहर धरने पर बैठे अभिषेक बनर्जी
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमलावर उनके घर में घुसने के इरादे से पहुंचे थे। उनके पास हथियार भी थे और उन्होंने घर पर पत्थर फेंके। सांसद ने इसे सामान्य राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि उनकी हत्या की कोशिश करार दिया।घटना के बाद अभिषेक अपने समर्थकों के साथ घर के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान बड़ी संख्या में टीएमसी और भाजपा समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद झड़प शुरू हो गई। इसमें कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, इलाके में बैरिकेडिंग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में बैरिकेडिंग की गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग करने और तनाव कम करने की कोशिश की।अभिषेक बनर्जी ने पुलिस और प्रशासन से हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल घटना से जुड़े आरोपों और झड़प के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पिछले पांच महीने में तीसरी बार हमले का आरोप
अभिषेक बनर्जी का दावा है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद पिछले पांच महीनों में उन पर हमले की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 30 मई को सोनारपुर में उनके ऊपर अंडे और पत्थर फेंके गए थे।इसके बाद 30 जून और 1 जुलाई की दरमियानी रात उन्होंने कोलकाता में अपने घर के गेट पर पत्थर फेंके जाने का आरोप लगाया था। अब जन्मदिन के दिन घर पर हुए कथित हमले ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
छह महीने में सात बार जान लेने की कोशिश का दावा
अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि पिछले छह महीनों में उनकी जान लेने की यह सातवीं कोशिश है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राजनीतिक हिंसा का मुद्दा उठाया है।इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच राजनीतिक तनाव और बढ़ने की आशंका है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर सबकी नजर है। हालांकि, हमले के पीछे किसकी भूमिका थी, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

