लास वेगास में संघर्ष के बाद हैमिल्टन निराश, लेक्लर्क ने क्वालीफाइंग को बताया बेहद खराब
लास वेगास, 21 नवंबर (आईएएनएस)। लुईस हैमिल्टन और चार्ल्स लेक्लर्क ने लास वेगास ग्रां प्री के क्वालीफाइंग में फेरारी के निराशाजनक प्रदर्शन पर अफसोस जताया, क्योंकि दोनों ड्राइवर क्यू3 में जगह बनाने से चूक गए।
हैमिल्टन ने इस सत्र को 'दुःस्वप्न' करार दिया, जबकि लेक्लर्क ने इसे 'बेहद खराब क्वालीफाइंग' बताया। फेरारी की टीम स्कुडेरिया पहली बार कनाडियन ग्रां प्री 2024 के बाद किसी क्वालीफाइंग सत्र में क्यू3 तक पहुंचने में नाकाम रही।
एफ1 के अनुसार, सेशन के बाद हैमिल्टन ने कहा, "यह एक बुरा सपना था। ऐसा लगा जैसे... ग्रिप बहुत कम थी। ऐसा लग रहा था कि टायर काम ही नहीं कर रहे हैं।"
फेरारी की स्ट्रेट-लाइन स्पीड कम थी, और अहम मौकों पर ड्राइवरों को 'टो' (आगे चल रही कार की मदद से स्पीड बढ़ाना) नहीं मिल पाया, जो बाकी ड्राइवरों के लिए काफी मददगार साबित हो रहा था। कार के फ्लोर में अचानक कुछ डैमेज आ गया, जिससे हम तीन-चार दसवें हिस्से पीछे रह गए। फिर आखिरी लैप में 'डिप्लॉयमेंट' की समस्या आ गई, जिससे हम छह दसवें हिस्से और पीछे हो गए। कुल मिलाकर, हम कहीं भी नहीं थे। मेरे आगे कोई कार भी नहीं थी, जो कि बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा। यानी, सब कुछ ही खराब रहा। इससे (रेस में) आगे बढ़ना हमारे लिए थोड़ा मुश्किल हो गया है, और जहां हम अभी हैं, वहां से बहुत कुछ कर पाना कठिन है। हमें पता था कि यहां हमें थोड़ी परेशानी होगी, लेकिन शायद हमने जितना सोचा था, उससे कहीं ज्यादा दिक्कत हुई।"
लेक्लेर पी11 पर रहे, जबकि हैमिल्टन पी12 पर रहे। मुख्य रेस में दोनों ड्राइवर एक स्थान ऊपर से शुरुआत करेंगे, क्योंकि मैकलारेन के ऑस्कर पियास्त्री को नया इंटरनल कंबशन इंजन लगाने के कारण 10-स्थान की ग्रिड पेनल्टी मिली है। ऑस्ट्रेलियाई ड्राइवर ने पी7 के लिए क्वालीफाई किया था, लेकिन अब वे खिसककर पी17 पर आ जाएंगे।
लेक्लेर के पास क्यू3 में पहुंचने की रफ्तार थी, लेकिन अपने आखिरी फ्लाइंग लैप में उन्होंने एक गलती कर दी और एक-दसवें हिस्से से भी कम के अंतर से क्यू3 में जगह बनाने से चूक गए। उन्होंने कहा, "यह सच में बहुत खराब क्वालीफाइंग रही। हम सीधे रास्तों (स्ट्रेट्स) पर एक सेकंड पीछे रह रहे हैं, जिससे स्थिति पहले से ही काफी मुश्किल हो गई है। फिर क्यू2 में जब मुझे एक अच्छा लैप पूरा करना था, तब मुझसे गलती हो गई। मुझे लगता है कि एक टीम के तौर पर हमने कई गलतियां की हैं। हमें इस पर ध्यान देना होगा क्योंकि इससे काफी निराशा पैदा होती है, जो किसी काम की नहीं है।"
स्ट्रेट्स पर गति की कमी को स्वीकार करते हुए, लेक्लेर को रेस में अच्छे परिणाम की कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा, "खैर, जो गलती हुई वह मेरी तरफ से थी और मैं इस पर गौर करूंगा, लेकिन फिलहाल कहने के लिए और कुछ खास नहीं है। दुर्भाग्य से, कल के लिए मुझे कोई उम्मीद नहीं है क्योंकि हम स्ट्रेट्स पर एक सेकंड पीछे रह रहे हैं, इसलिए हम कुछ नहीं कर सकते।"
स्काई स्पोर्ट्स एफ1 से बात करते हुए, मोनाको के इस ड्राइवर ने अफसोस जताया कि किसी समस्या की स्थिति में उनके पास एक और लैप लगाने के लिए पर्याप्त समय नहीं था। लेक्लेर ने स्काई स्पोर्ट्स एफ1 से कहा, "हां, बिल्कुल (क्यू3 में पहुंचना मुमकिन था), लेकिन हमने अच्छा काम नहीं किया। असल में, मुझे जो इकलौता लैप मिला, उसी में मुझसे गलती हो गई। साथ ही, हमारा काम करने का तरीका भी बहुत खराब रहा। पता नहीं... हम इस पर समीक्षा करेंगे। मैं अभी बहुत गुस्से में हूं, इसलिए मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता, लेकिन मुझे लगता है कि ऐसी कई चीजें थीं जिन्हें हम कहीं बेहतर तरीके से कर सकते थे।"
--आईएएनएस
आरएसजी

