Samachar Nama
×

लामिन यामल: मेसी की गोद में खेला वो बच्चा, जिसे माना जा रहा उन्हीं का उत्तराधिकारी

नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। स्पेन के स्टार विंगर लामिन यामल महज 18 साल की उम्र में अपने शानदार प्रदर्शन के साथ पूरी दुनिया में शोहरत हासिल कर चुके हैं। शानदार ड्रिबलिंग और गति के साथ इस खिलाड़ी ने युवावस्था में ही अपनी परिपक्वता दिखाई है।
लामिन यामल: मेसी की गोद में खेला वो बच्चा, जिसे माना जा रहा उन्हीं का उत्तराधिकारी

नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। स्पेन के स्टार विंगर लामिन यामल महज 18 साल की उम्र में अपने शानदार प्रदर्शन के साथ पूरी दुनिया में शोहरत हासिल कर चुके हैं। शानदार ड्रिबलिंग और गति के साथ इस खिलाड़ी ने युवावस्था में ही अपनी परिपक्वता दिखाई है।

13 जुलाई 2007 को स्पेन के बार्सिलोना महानगर क्षेत्र में स्थित एस्प्लुग्स डी लोब्रेगाट में जन्मे यामल के पास तीन राष्ट्रीय टीमों में से किसी एक का प्रतिनिधित्व करने का विकल्प था, क्योंकि उनके पिता मौनीर नसराउई 'मोरक्को' से, जबकि मां शीला एबाना 'इक्वेटोरियल गिनी' से हैं। ऐसे में उन्होंने 'स्पेन' को चुना।

महज 6 महीने की उम्र में लामिन की दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी से पहली मुलाकात हुई। कैटलन अखबार डियारियो स्पोर्ट और एफसी बार्सिलोना फाउंडेशन ने एक चैरिटी कैलेंडर तैयार किया, जिसमें मेसी शिशु लामिन को नहलाते नजर आए। यह तस्वीर बहुत मशहूर हुई। उस समय शिशु लामिन को देखकर मेसी ने भी अंदाजा नहीं लगाया होगा कि कभी यही बच्चा बार्सिलोना क्लब में उनका उत्तराधिकारी बनने की फेहरिस्त में सबसे आगे होगा।

बचपन से ही यामल को फुटबॉल खेलने का शौक था। स्पेनिश फुटबॉल क्लब एफसी बार्सिलोना के आधिकारिक प्रशिक्षण मैदान सियुटाट एस्पोर्टिवा जोन गैम्पर में ट्रायल के दौरान यामल ने शानदार हैट्रिक लगाई। आमतौर पर यह क्लब 2-3 ट्रायल के बाद ही किसी खिलाड़ी का चयन करता है, लेकिन यामल ने पहली ही बार में क्लब को प्रभावित कर दिया था।

महज 15 साल 9 महीने और 16 दिन की उम्र में यामल ने बार्सिलोना के लिए फर्स्ट टीम में डेब्यू किया, जिसके साथ क्लब के इतिहास में सबसे युवा खिलाड़ी बने। इसके बाद वह महज 16 साल और 83 दिन की उम्र में यूईएफए चैंपियंस लीग के सबसे युवा खिलाड़ी बने।

8 सितंबर 2023 को लामिन ने यूरो 2024 में स्पेन की नेशनल फुटबॉल टीम के लिए डेब्यू किया। 16 साल 57 दिन के लामिन 'ला रोजा' के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। उसी रात जॉर्जिया के खिलाफ गोल दागकर वह स्पेन के लिए सीनियर स्तर पर गोल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए। यामल यूरोपीय चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे युवा स्कोरर भी हैं।

बार्सिलोना क्लब में लियोनेल मेसी के उत्तराधिकारी के तौर पर देखे जा रहे यामल टूर्नामेंट पर जाते, तो अपने साथ किताबें भी रखते, ताकि ऑनलाइन क्लास के साथ-साथ खाली समय में अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।

यामल का ट्रेडमार्क सेलिब्रेशन बेहद खास है। गोल दागने के बाद वह अपनी उंगलियों से '304' अंक बनाते हैं, जो उनके शहर मातारो के रोकाफोंडा इलाके के पोस्टकोड (08304) के अंतिम तीन अंकों को दर्शाता है।

यूरो कप 2024 के विजेता यामल स्पेन की सीनियर टीम के लिए 6 गोल दाग चुके हैं। यह विंगर आगामी फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जब यामल स्पेन की टीम के साथ मैदान पर उतरेगा, तो पूरी दुनिया की निगाहें उन पर होंगी।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags