Samachar Nama
×

ललन सिंह के आधार वाले बयान पर भड़के पप्पू यादव, बोले- ये सरकार लोकतंत्र के लिए खतरा...

ललन सिंह के आधार वाले बयान पर भड़के पप्पू यादव, बोले- ये सरकार लोकतंत्र के लिए खतरा...
ललन सिंह के आधार वाले बयान पर भड़के पप्पू यादव, बोले- ये सरकार लोकतंत्र के लिए खतरा...

पटना, 8 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के आधार कार्ड से जनसुविधाओं का लाभ मिलने संबंधी बयान पर निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड देश के 140 करोड़ लोगों के जीवन से जुड़ा दस्तावेज है। ऐसे में जनता को परेशान करना लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। यह नकली, संविधान-विरोधी और लोकतंत्र के लिए खतरा बन चुकी सरकार है, जिसे अब जाना ही पड़ेगा।

निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "ये लोग जनता को क्या समझ लिए हैं? क्या जनता कोई जानवर है? क्या सरकार और उनका पूरा मंत्रिमंडल अजर-अमर हैं? आधार कार्ड, जो जीवन से जुड़ा है, आपने देश के 140 करोड़ लोगों को दिया और फिर आप कुछ भी बोल रहे हैं। आप ही कानून नहीं हैं, आपके खिलाफ वोट भी जाएंगे। हर प्रमाण-पत्र दिखाने के लिए हम पैदा नहीं हुए हैं। आधार कार्ड बिल्कुल प्रामाणिक है। कोई एक ही आधार लीजिए ना, प्रमाण-पत्र 10 क्यों लेंगे? इसलिए यह गलत है। इस तरह का बयान लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। जनता को परेशान कर रहे हैं, तो यह आपकी कमी है। इसका मतलब सरकार नाम की चीज नहीं है। आप निर्णय लीजिए, फिर सभी विपक्ष को बुलाइए। किसी चीज के लिए आधार कार्ड हो और किसी के लिए नहीं, यह तो गलत है, लेकिन हमें समझ में नहीं आता कि आपकी ईडी, आईबी, रॉ, आपका थाना, जब बच्चों पर गोली चलाने के लिए आपके पास एके-47 और मिलिट्री है, सीआरपीएफ-बीएसएफ सबको बुला लेते हैं। कभी आप कहते हैं कि जेन-जी और जेन-अल्फा के आंदोलन के पीछे एलन मस्क का पैसा है।

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के पास विदेशी फंडिंग है, तो आप बैठे क्यों हैं? आप उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं कर रहे हैं? आप कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं? खुलकर जाइए और बोलिए कि विदेशी फंडिंग है। अभी आप कह रहे हैं कि देश को अस्थिर कर रहे हैं। एक तो कोई चैनल, जो आप चला रहे हैं, नैरेटिव सेट कर रहे हैं कि देश अस्थिर हो रहा है, तो उसको जेल भेजने में क्या दिक्कत है? राहुल गांधी के साथ भी देखा गया है। इस आंदोलन में 5 लाख रुपए प्रतिदिन खर्च हुए, तो जल्दी गिरफ्तार करो ना। आप सिर्फ भ्रमित कर रहे हैं। इस जेन-जी, जेन-अल्फा और देश की जनता, जो आपके खिलाफ आक्रोशित है, साधु, संत, किसान सबको आप 'गोदी मीडिया' ट्रायल करके दिग्भ्रमित करना चाहते हैं।

पप्पू यादव ने कहा कि अभी जहां-जहां प्रधानमंत्री गए, श्रीलंका गए तो सरकार गई, नेपाल गए तो सरकार गई, इजरायल गए तो सरकार गई, अमेरिका गए तो सरकार गई। अब मुझे लगता है कि भारत की बारी है। पनौती क्या होता है, हमको नहीं पता, लेकिन अब भारत की बारी है। इसी कारण आप चिंता न करें, एकदम मस्त रहिए। भाजपा के पास कोई एजेंडा नहीं है। भाजपा और आरएसएस इस देश के संविधान, आम आदमी और महिलाओं के लिए चुनौती हैं। ये लोग खतरा बन गए हैं। इनको जाना ही पड़ेगा।

--आईएएनएस

केके/एबीएम

Share this story

Tags