कुवैत ने ईरानी हमलों को बताया, 'संप्रभुता का खुला उल्लंघन'
कुवैत सिटी/तेहरान, 3 सितंबर (आईएएनएस)। कुवैत के विदेश मंत्रालय ने देश पर ईरान की ओर से किए गए लगातार हमलों की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने गुरुवार तड़के हुए हमले को कुवैत की संप्रभुता का खुला उल्लंघन और देश की सुरक्षा एवं स्थिरता के लिए सीधा खतरा बताया।
मंत्रालय ने कहा कि गुरुवार को हुए हमलों ने नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा को निशाना बनाया तथा यह अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन है।
एक बयान में मंत्रालय ने कहा, “इन निर्लज्ज हमलों का जारी रहना शत्रुतापूर्ण रवैये को दर्शाता है और यह एक खतरनाक वृद्धि है, जो क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा पैदा करती है।”
कुवैत ने कहा कि ऐसे हमले तनाव कम करने और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए चल रहे राजनयिक प्रयासों को व्यवस्थित रूप से कमजोर कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कुवैत अपनी संप्रभुता की रक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी हमले या खतरे से अपने क्षेत्र तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का पूरा अधिकार सुरक्षित रखता है।
अमेरिकी सेना के मंगलवार को ईरान के खिलाफ हमले फिर से शुरू करने के बाद, ईरान ने जॉर्डन, कुवैत, इराक और बहरीन स्थित अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें और ड्रोन हमले किए।
इस बीच, ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में अमेरिका की ओर से किए गए नए हमलों में ईरानी नौसेना के छह जवान मारे गए हैं।
इससे पहले ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि 30 अगस्त से अमेरिका द्वारा दोबारा शुरू किए गए बमबारी अभियान के बाद अब तक 18 ईरानी नागरिकों की मौत और 140 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय के मुताबिक, मृतकों और घायलों में बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की है।
दूसरी ओर अमेरिकी सेना का कहना है कि उसे इन रिपोर्ट्स की जानकारी है, लेकिन उसने कभी भी आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाया है।
--आईएएनएस
केआर/

