कुन्नमकुलम में कार की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, ड्राइवर फरार
त्रिशूर, 6 सितंबर (आईएएनएस)। केरल के कैपामंगलम में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका तीन वर्षीय बेटा शामिल है।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार में सवार दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान मुनीर (35), उनकी पत्नी शफ़ना (28) और उनके तीन वर्षीय बेटे मोहम्मद अमीन ऐबक के रूप में हुई है। तीनों चावक्कड़ के एडक्काज़ियू के पास के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 11:30 बजे गुरुवायूर-कुन्नमकुलम रोड पर हुआ। परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में मुनीर ने फोन कॉल का जवाब देने के लिए सड़क किनारे मोटरसाइकिल रोक दी थी। इसी दौरान पीछे से उसी दिशा में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक, कार का नंबर केएल-46-यू-6001 और मोटरसाइकिल का नंबर केएल-46-टी-8199 है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक ने कथित तौर पर वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर करीब 50 मीटर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। जांच में यह भी सामने आया है कि कार कथित तौर पर कुन्नमकुलम के एक बार से आ रही थी। कार में सवार दो अन्य लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे हादसे से जुड़ी परिस्थितियों तथा चालक के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

