आमिर खान चाहते थे मैं 'एक दिन' का हिस्सा बनूं, उन्होंने खुद किया था संपर्क : कुणाल कपूर
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता कुणाल कपूर जल्द ही फिल्म 'एक दिन' में नजर आने वाले हैं। 'ज्वेल थीफ' के बाद उनकी यह वापसी खास मानी जा रही है। यह फिल्म आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी है, जिसमें जुनैद खान और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अभिनेता कुणाल कपूर ने हाल ही में खुलासा किया कि आमिर खान ने उनकी अपकमिंग फिल्म 'एक दिन' में कैमियो रोल के लिए खुद उनसे संपर्क किया था। कुणाल ने बताया कि आमिर चाहते थे कि वह इस फिल्म का हिस्सा बनें।
कुणाल ने फिल्म को "एक प्यारी और दिल को छू लेने वाली" कहानी बताया और उम्मीद जताई कि यह दर्शकों के दिलों में जगह बना लेगी। कुणाल कपूर ने बताया, "साई पल्लवी हमेशा जबरदस्त परफॉर्मेंस देती हैं और जुनैद खान ने भी बहुत अच्छा काम किया है। फिल्म में मेरा स्पेशल अपीयरेंस है। आमिर खान ने मुझसे संपर्क किया था और वह चाहते थे कि मैं इसका हिस्सा बनूं। यह एक ऐसा रोल है, जिसे निभाने में मुझे बहुत मजा आया।"
कुणाल ने जुनैद खान की तारीफ करते हुए उन्हें "बेहद फोकस्ड और मेहनती" बताया। उन्होंने बताया, "मैंने जुनैद को एक छोटे लड़के के रूप में देखा है। अब वह बेहतरीन काम कर रहा है, खास बात यह है कि वह सिर्फ एक्टिंग नहीं कर रहा बल्कि फिल्म को प्रोड्यूस करने की जिम्मेदारी भी संभाल रहा है। उसके लिए सिर्फ काम मायने रखता है। मुझे लगता है कि उसका भविष्य बहुत उज्ज्वल है।"
फिल्म 'एक दिन' का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है। सुनील इससे पहले 'रंग दे बसंती' में आमिर खान और कुणाल कपूर के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम कर चुके हैं। कुणाल ने इस बात को 'फुल सर्कल मोमेंट' बताया। उन्होंने कहा, "इस फिल्म के मेरे लिए खास होने की एक वजह इसके डायरेक्टर सुनील हैं। ऐसे फुल सर्कल मोमेंट्स में कुछ बहुत खास बात होती हैं, जब आप उन्हीं लोगों के साथ काम करते हैं जिनके साथ आपने अपने करियर की शुरुआत की थी। 'रंग दे बसंती' ने हाल ही में अपने 20 साल पूरे किए हैं।"
कुणाल कपूर की आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
--आईएएनएस
एमटी/एबीएम

