Samachar Nama
×

कुणाल घोष पर अंडा फेंकने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

कोलकाता, 16 जून (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता और विधायक कुणाल घोष पर अंडे फेंकने की घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोलकाता के कालीघाट पुलिस थाने में इस मामले में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
कुणाल घोष पर अंडा फेंकने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

कोलकाता, 16 जून (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता और विधायक कुणाल घोष पर अंडे फेंकने की घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोलकाता के कालीघाट पुलिस थाने में इस मामले में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(2), 190, 125(ए), 115(2) और 133 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार की शाम लगभग 6:15 बजे आरोपी चंदन और कुछ अन्य अज्ञात लोगों ने 30बी, हरीश चटर्जी स्ट्रीट, कोलकाता-25 के पास एक अवैध भीड़ जमा की। इस भीड़ ने विधायक कुणाल घोष पर जानबूझकर अंडे फेंके। आरोपियों का इरादा उन्हें शारीरिक चोट पहुंचाना और सार्वजनिक रूप से अपमानित करना था।

विधायक कुणाल घोष ने कालीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चंदन और रवि कायला को घटनास्थल के आसपास से गिरफ्तार कर लिया और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

कालीघाट थाने की पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों को इकट्ठा किया जा रहा है। घटना के बाद टीएमसी ने इसे राजनीतिक साजिश बताया। पार्टी ने आरोप लगाया कि विपक्षी ताकतें विधायक को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की कोशिश कर रही हैं।

बता दें कि कुणाल घोष पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान अंडा फेंका गया था। इस घटना के बाद कुणाल घोष ने इसे गंभीर सुरक्षा लापरवाही बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने बताया कि वह वरिष्ठ नेताओं के साथ एक बैठक के लिए ममता बनर्जी के घर पहुंचे थे। जैसे ही वह बाहर निकल रहे थे, मीडिया ने उन्हें रोककर सवाल पूछा, जिनका वह जवाब दे रहे थे। इसी दौरान दो युवकों में से एक ने उन पर अंडा फेंक दिया।

उन्होंने कहा कि उन्होंने आखिरी क्षण में अपना चेहरा मोड़ लिया, जिससे अंडा उनके चश्मे या आंख पर नहीं लगा और एक बड़ी चोट टल गई। उन्होंने यह भी कहा कि वह उस समय बिना किसी सुरक्षा के खड़े थे, जिससे उन्हें निशाना बनाया गया।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags