Samachar Nama
×

कुल्लू: दीपावली को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, अव्यवस्थित बाजार और हाइड्रेंट की कमी बढ़ा सकती है परेशानी

कुल्लू: दीपावली को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, अव्यवस्थित बाजार और हाइड्रेंट की कमी बढ़ा सकती है परेशानी
कुल्लू: दीपावली को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, अव्यवस्थित बाजार और हाइड्रेंट की कमी बढ़ा सकती है परेशानी

कुल्लू, 5 नवंबर (आईएएनएस)। आगामी 8 नवंबर को मनाए जाने वाले दीपावली पर्व को लेकर जिला कुल्लू का अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क है। विभाग ने त्योहार के मद्देनजर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सभी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं। हालांकि, ढालपुर मैदान में व्यापारिक मेले के दौरान बेतरतीब ढंग से लगाई गई दुकानों और भुंतर में हाइड्रेंट की कमी के कारण आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

ढालपुर मैदान में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन के बाद भी व्यापारिक मेला जारी है। यहां अग्निशमन विभाग ने कर्मचारियों की तैनाती के साथ अग्निशमन वाहन भी उपलब्ध कराए हैं, लेकिन मैदान के भीतर रेहड़ी-फड़ी और दुकानों के अव्यवस्थित तरीके से लगाए जाने के कारण दमकल वाहनों की आवाजाही में गंभीर दिक्कतें आ रही हैं।

अग्निशमन विभाग के अनुसार, ढालपुर मैदान के किसी भी हिस्से तक पहुंचने के लिए अधिकतम एक मिनट का समय निर्धारित है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में किसी स्थान तक पहुंचने में 20 मिनट तक का समय लग सकता है। कई बार कर्मचारियों को दमकल वाहन निकालने के लिए स्वयं रास्ता बनाना पड़ता है। ऐसे में दीपावली के दौरान यदि आगजनी की कोई घटना होती है तो उस पर तुरंत काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

वहीं, कुल्लू शहर में जल शक्ति विभाग द्वारा सभी हाइड्रेंट दुरुस्त कर दिए गए हैं, जिससे आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सके। इसके विपरीत भुंतर में वर्तमान समय में कोई भी हाइड्रेंट कार्यरत नहीं है। विभागीय जानकारी के अनुसार, पहले यहां नौ हाइड्रेंट लगाए गए थे, लेकिन जलापूर्ति न होने के कारण वे बंद पड़े हैं।

अग्निशमन विभाग ने भुंतर क्षेत्र में 20 नए हाइड्रेंट स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। भुंतर बाजार में आग लगने की स्थिति में राहत कार्य और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि यह क्षेत्र कुल्लू से करीब 13 किलोमीटर दूर है और यहां आग बुझाने के लिए दमकल वाहन कुल्लू से ही भेजे जाते हैं।

अग्निशमन विभाग के फायर अधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि दीपावली को देखते हुए सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और ढालपुर में अतिरिक्त दमकल वाहन तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भुंतर में कोई भी हाइड्रेंट कार्यरत नहीं है और ढालपुर मैदान में दुकानों के अव्यवस्थित ढंग से लगाए जाने के कारण दमकल वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से अपील की कि दीपावली के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए तथा पटाखों और अन्य ज्वलनशील सामग्री की बिक्री एवं भंडारण सुरक्षित दूरी और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags