Samachar Nama
×

कुलगाम में आतंकी हमले पर भड़के शिवसेना नेता, बोले- किसी को बख्शा नहीं जाएगा, 72 हूरों के पास भेजेगी सेना

कुलगाम में आतंकी हमले पर भड़के शिवसेना नेता, बोले- किसी को बख्शा नहीं जाएगा, 72 हूरों के पास भेजेगी सेना
कुलगाम में आतंकी हमले पर भड़के शिवसेना नेता, बोले- किसी को बख्शा नहीं जाएगा, 72 हूरों के पास भेजेगी सेना

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले के बाद राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि हमले में शामिल किसी भी आतंकी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं भाजपा नेता मोहम्मद सलीम भट और मानवाधिकार रक्षक तस्लीमा अख्तर ने पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

मानवाधिकार रक्षक और कश्मीर में आतंक पीड़ितों के संघ की अध्यक्ष तस्लीमा अख्तर ने कहा, "पाकिस्तान ने आतंकवाद की एक बहुत बड़ी उद्योग खड़ी कर रखी है, जिसका मकसद पूरी दुनिया में, खासकर जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में, भय और दहशत फैलाना है। ऐसे ही घटनाक्रमों को अंजाम देने के लिए वे लगातार प्रयास करते रहते हैं। कुलगाम में कल जो घटना हुई, उसे आप सभी ने देखा है।"

उन्होंने कहा कि मैं यही कहना चाहूंगी कि कुलगाम में जो नापाक हरकत अंजाम दी गई है, उसमें घायल हुए सुरक्षा बलों के जवानों के लिए हम दुआ करते हैं कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों और सकुशल अपने परिवारों के पास लौटें। अल्लाह ताला ने उन्हें नई जिंदगी दी है, क्योंकि वे अमन और शांति के रास्ते पर चल रहे थे।

तस्लीमा अख्तर ने कहा कि आतंकवादियों की घुसपैठ जम्मू-कश्मीर में अभी भी नहीं रुक रही है। वे आए दिन ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। कभी आम नागरिकों को निशाना बनाते हैं तो कभी सुरक्षा बलों को, जबकि यहां हमारी सुरक्षा एजेंसियां, चाहे भारतीय सेना हो या जम्मू-कश्मीर पुलिस, दिन-रात अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लगी रहती हैं।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद पाकिस्तान समर्थित आतंकियों को शर्म नहीं आती। वे अवैध रूप से यहां घुसपैठ करने की कोशिश करते हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तान अपने कब्जे वाले क्षेत्रों को भी ठीक से नहीं संभाल पा रहा है। वहां निर्दोष लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिक समाज के लोगों की हत्याएं हो रही हैं। आम लोगों के घरों पर गोलाबारी की जाती है और वही मानसिकता यहां भी दिखाई देती है, क्योंकि उन्हें जम्मू-कश्मीर का अमन और विकास रास नहीं आ रहा।

तस्लीमा अख्तर ने कहा कि संवाद तो अमन और विकास के साथ होता है। हम विकास और शांति के मुद्दों पर बातचीत कर सकते हैं, लेकिन जहां आतंकवाद की सोच हो और जहां आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली व्यवस्था हो, वहां संवाद की गुंजाइश ही क्या है?

उन्होंने कहा कि जो लोग अपने ही लोगों के नहीं हुए, उन्होंने उनके साथ कैसा व्यवहार किया है। 1947 में जिन क्षेत्रों पर जबरन कब्जा किया गया, आज वहां के लोगों की कोई कद्र नहीं है। पिछले कई महीनों से पीओजेके के लोगों को चैन से जीने नहीं दिया जा रहा है। आए दिन उन पर अत्याचार किए जाते हैं, उन्हें बेरहमी से पीटा जाता है और उनकी हत्या की जाती है। जो हथियार आमतौर पर युद्ध क्षेत्रों में इस्तेमाल होते हैं, उनका इस्तेमाल भी निर्दोष नागरिकों के खिलाफ किया जा रहा है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान अपने यहां शांति स्थापित नहीं कर पा रहा है तो फिर यह सवाल ही उठता है कि आखिर उसके साथ संवाद की बात किस आधार पर की जाए?

भाजपा नेता मोहम्मद सलीम भट ने कहा कि मुझे बड़े अफसोस से कहना पड़ता है कि इस तरह की कायराना हरकतें बार-बार हमारे जम्मू-कश्मीर में क्यों हो रही हैं। पीएम मोदी ने इन पर अच्छी तरह लगाम कसी थी। जैसे पहलगाम में हमारे सैलानी, जो जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए आते हैं, परिवारों के साथ आते हैं, उनके साथ जो कायराना हरकत की गई थी, मैं उसकी भी कड़ी निंदा करता हूं। मैं यह प्रार्थना करता हूं कि ऐसे कृत्य करने वाले तत्वों का जल्द पर्दाफाश हो, जो जम्मू-कश्मीर में खून-खराबा चाहते हैं। वे तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि कुलगाम की घटना हो या उसके बाद किश्तवाड़ में हमारे भाइयों के साथ जो कुछ हुआ, उसकी भी मैं कड़ी निंदा करता हूं। हमें अपनी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना होगा और यह भी खंगालना होगा कि ऐसे तत्व कहां-कहां छिपे बैठे हैं, जिनकी वजह से हमारी मां-बहनें विधवा हो रही हैं। इसके लिए जिम्मेदार कौन है, यह भी सामने आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है, क्योंकि इन्हें बार-बार प्यार की भाषा समझ नहीं आती। कई लोगों के मकान भी इसलिए गिराए गए थे ताकि बाकी लोग समझ सकें कि हथियारों से कुछ हासिल नहीं होता, सिर्फ खून-खराबा होता है। गोली चाहे किसी फौजी को लगे या किसी आम नागरिक को, नुकसान देश का ही होता है। जब इन्हें प्यार की भाषा समझ नहीं आ रही है, तो अब इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है। हमें अपनी सेना पर पूरा भरोसा है, हमें अपनी सेना पर गर्व है। हिंदुस्तान की सेना ऐसे तत्वों को ढूंढ़-ढूंढ़कर कानून के दायरे में लाएगी और उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाएगी, जहां उन्हें पहुंचना चाहिए।

शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हमारे सेना के जवानों पर आतंकियों का हमला अत्यंत निंदनीय है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी सेना सर्च ऑपरेशन चला रही है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जब तक सभी जिम्मेदार लोगों को 72 हूरों के पास नहीं भेज दिया जाता, तब तक सेना चैन से नहीं बैठेगी।

उन्होंने कहा कि हमने बार-बार कहा है कि हमें पाकिस्तान के साथ संबंध नहीं रखने चाहिए, क्योंकि वह सुधरने को तैयार नहीं है। खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। हमारी सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों की जान की रक्षा के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है और इस मामले में हम कोई समझौता बर्दाश्त नहीं कर सकते। करारा जवाब दिया जाएगा। हमारी सेना इन कीड़े-मकोड़ों को ढूंढने के लिए दिन-रात काम करेगी।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Share this story

Tags