कुलगाम हमले की कांग्रेस ने की निंदा, राहुल गांधी बोले- 'आतंकियों पर हो सख्त कार्रवाई, मिले कड़ी से कड़ी सजा'
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमले के दौरान दो मजदूरों की मौत पर कांग्रेस नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आतंकियों के ऊपर इस कायराना हमले के लिए सख्त कार्रवाई हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला है। दो निर्दोष मजदूरों की पहचान पूछकर उनकी निर्मम हत्या करना आतंक की क्रूर मानसिकता का घिनौना उदाहरण है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। दोषियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उन्हें कानून के अनुसार सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।"
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए दुस्साहसी आतंकी हमले में देश के दो श्रमिकों की हत्या अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारों को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। आतंकियों के ऊपर इस कायराना हमले के लिए सख्त कार्रवाई हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले। आतंकवाद के खिलाफ देश हमेशा एकजुट है।"
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पोस्ट में लिखा, "कुलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत शर्मनाक और निंदनीय है। ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों की पहचान पूछकर हत्या करना बेहद घृणित और मानवता विरोधी कृत्य है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। पूरे देश की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आतंकियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।"
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार देर शाम आतंकी हमला हुआ। आतंकवादियों ने दो गैर-कश्मीरी मजदूरों को गोली मारी। एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे मजदूर को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान जान चली गई। आतंकी हमले में मारे गए दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।
--आईएएनएस
डीसीएच/

