कोटा हादसा: राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने जताया दुख, पीएम मोदी ने पीड़ित परिवारों के लिए की आर्थिक सहायता की घोषणा
नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के कोटा में खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे 9 श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त किया है। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने पीड़ित परिवारों को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने की भी घोषणा की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "कोटा, राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने लिखा, "राजस्थान के कोटा में सड़क हादसे में हुई लोगों की दुखद मौत से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस भारी दुख को सहने की शक्ति मिले। मैं इस हादसे में घायल हुए सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना करता हूं।"
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, हादसे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान के कोटा में हुई एक दुखद घटना में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत पीड़ा हुई। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
बता दें कि राजस्थान के कोटा में शनिवार देर रात यह हादसा उस समय हुआ, जब एक परिवार के लोग खाटूश्यामजी के दर्शन करके वापस लौट रहे थे। शंभूपुरा गांव के पास कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर उनके वाहन ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मारी।
इस घटना में परिवार के 9 सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। 6 लोग घायल हुए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया गया कि हादसा वाहन चालक को झपकी आने की वजह से हुआ।
--आईएएनएस
डीसीएच/

