Samachar Nama
×

कोलकाता में होगा 19वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

कोलकाता में होगा 19वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
कोलकाता में होगा 19वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) सम्मेलन का 19वां संस्करण कोलकाता में 7 से 9 जनवरी 2027 को आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन विदेश मंत्रालय द्वारा पश्चिम बंगाल राज्य सरकार के साथ साझेदारी में किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्रदान करेंगी और समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी। सम्मेलन में युवा पीबीडी खंड भी होगा। इस कार्यक्रम में दुनियाभर से भारतीय प्रवासी सदस्य, युवा प्रवासी नेता, उद्यमी, पेशेवर, शिक्षाविद, नवप्रवर्तक और अन्य हितधारक एक साथ आएंगे।

इस प्रमुख प्रवासी जुड़ाव कार्यक्रम का 19वां संस्करण पिछले संस्करणों की सफलता को आगे बढ़ाएगा, ताकि भारतीय प्रवासियों के भारत के साथ गहरे संबंधों को बढ़ावा दिया जा सके और भारत और विश्व में उनके योगदान का जश्न मनाया जा सके।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रवासी भारतीय दिवस भारत के विकास में प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान को चिह्नित करने के लिए 2003 से हर साल 9 जनवरी को मनाया जाता है। 9 जनवरी को इस अवसर को मनाने के लिए चुना गया था, क्योंकि इसी दिन 1915 में महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया और भारतीयों के जीवन को हमेशा के लिए बदल दिया।

2015 से इसके प्रारूप को संशोधित किया गया है ताकि पीबीडी को हर दो साल में एक बार मनाया जा सके और बीच के समय में प्रवासी भारतीय विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और हितधारकों की भागीदारी के साथ विषय-आधारित पीबीडी सम्मेलन आयोजित किए जा सकें।

ये सम्मेलन प्रवासी भारतीय समुदाय को पारस्परिक रूप से लाभकारी गतिविधियों के लिए सरकार और उनके पूर्वजों की भूमि के लोगों के साथ जुड़ने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं। ये सम्मेलन दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले प्रवासी भारतीय समुदाय के बीच नेटवर्किंग में भी बहुत उपयोगी हैं और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में अपने अनुभव साझा करने में सक्षम बनाते हैं।

विदेश मंत्रालय की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, 18वां पीबीडी सम्मेलन 8-10 जनवरी, 2025 को भुवनेश्वर, ओडिशा में पार्टनर राज्य के रूप में आयोजित किया गया था। 18वें पीबीडी का विषय 'विकसित भारत में प्रवासी समुदाय का योगदान' था। त्रिनिदाद और टोबैगो गणराज्य की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू 18वें प्रवासी भारतीय दिवस की मुख्य अतिथि थीं। उन्होंने सम्मेलन को वर्चुअली संबोधित किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय प्रवासियों के लिए विशेष पर्यटक ट्रेन प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस की उद्घाटन यात्रा को रिमोट के जरिए हरी झंडी दिखाई थी, जो उसी दिन दिल्ली से भारत में पर्यटन और धार्मिक महत्व के कई गंतव्यों की तीन सप्ताह की यात्रा के लिए रवाना हुई थी।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Share this story

Tags