Samachar Nama
×

कोलकाता: होटल में आग लगने से 9 की मौत, बांग्लादेशी नागरिक ने सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल

कोलकाता: होटल में आग लगने से 9 की मौत, बांग्लादेशी नागरिक ने सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल
कोलकाता: होटल में आग लगने से 9 की मौत, बांग्लादेशी नागरिक ने सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल

कोलकाता, 19 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल शिखा इन में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

न्यू मार्केट के पास स्थित होटल में लगी इस आग को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शमीम हुसैन ने आरोप लगाया कि होटल में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण आग ने गंभीर रूप ले लिया।

मोहम्मद शमीम हुसैन ने आईएएनएस को बताया कि वह मुख्य रूप से पर्यटक हैं और भारत की यह उनकी छठी यात्रा है। उन्होंने कहा कि वह भारत के अलग-अलग हिस्सों में घूमने और यहां की जगहों को देखने के लिए आते हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने चिंता और दुख व्यक्त किया। होटल में उनका कोई रिश्तेदार या परिचित नहीं ठहरा था, लेकिन जब उन्हें आग लगने की खबर मिली तो एक बांग्लादेशी नागरिक होने के नाते उन्हें गहरा सदमा लगा।

उन्होंने बताया कि खबरों में कई बांग्लादेशी नागरिकों के मारे जाने और कुछ लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आने के बाद वह स्थिति जानने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है और होटल में आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए थे। किसी भी होटल में ठहरने वाले लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी व्यवस्था पहले से मौजूद होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में हुई दुखद आग की घटना से वह स्तब्ध और व्यथित हैं। फिलहाल प्राथमिकता राहत और बचाव कार्यों पर है। इसके साथ ही यह पता लगाने की जरूरत है कि घटना के पीछे क्या कारण रहा और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। हादसे की जांच के दौरान जिम्मेदारी और लापरवाही के सभी पहलुओं को देखा जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह त्रासदी पिछली सरकार की लापरवाही की विरासत की याद दिलाती है। वर्षों से शहर और राज्य के बुनियादी ढांचे का विकास बिना पर्याप्त निगरानी के होने दिया गया और कई इमारतों को होटल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई, जबकि जरूरी अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई। इस त्रासदी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

बता दें कि कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में मंगलवार-बुधवार देर रात करीब 2 बजे आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags