Samachar Nama
×

कोलकाता हादसे पर अर्जुनराम मेघवाल, सुनील बंसल, पवन कल्याण और राजद के नेताओं ने दुख जताया

कोलकाता हादसे पर अर्जुनराम मेघवाल, सुनील बंसल, पवन कल्याण और राजद के नेताओं ने दुख जताया
कोलकाता हादसे पर अर्जुनराम मेघवाल, सुनील बंसल, पवन कल्याण और राजद के नेताओं ने दुख जताया

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की हृदयविदारक घटना में 19 लोगों की मौत पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, राज्यसभा सांसद नवीन जिंदल और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने दुख जताया है।

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

सुनील बंसल ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान हुई भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा, "कोलकाता के चोरबागान में हुई भगदड़ की घटना बहुत दुखद है। माता के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के निधन और उनके घायल होने से मुझे बहुत वेदना हुई है। शोक के इस क्षण में मैं बंगाल की जनता और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ खड़ा हूं। मैं मां कनक दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि वे पीड़ित परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति दें। मां सभी को इस गहरे संकट से बाहर निकालें।"

राज्यसभा सांसद और जिंदल स्टील के चेयरमैन नवीन जिंदल ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। महासप्तमी की जो संध्या उल्लास की होनी थी, वह इतने परिवारों के लिए अपार दुख लेकर आई। मां दुर्गा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें और शोकसंतप्त परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति दें। ईश्वर सभी पीड़ित परिवारों के साथ रहें।"

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित राजद के सांसदों और विधायकों ने हादसे पर गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राष्ट्रीय जनता दल परिवार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ा है।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story