Samachar Nama
×

कोल्हापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात बिश्नोई गैंग के सरगना समेत दो गिरफ्तार

कोल्हापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात बिश्नोई गैंग के सरगना समेत दो गिरफ्तार
कोल्हापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात बिश्नोई गैंग के सरगना समेत दो गिरफ्तार

पुणे, 28 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की कोल्हापुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

दरअसल, कोल्हापुर में अंतरराज्यीय संगठित अपराध गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुख्यात बिश्नोई गैंग के सरगना शामलाल गोवर्धनराम पुनिया उर्फ बिश्नोई और उसके साथी श्रीराम मांजु उर्फ पाचाराम बिश्नोई को स्थानीय अपराध अन्वेषण शाखा की टीम ने कोल्हापुर जिला सत्र न्यायालय परिसर से हिरासत में लिया।

राजस्थान और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी कई गंभीर अपराधों में फरार थे और पुलिस को उनकी तलाश थी। दोनों के न्यायालय परिसर में आने की जानकारी मिलने के बाद कोल्हापुर पुलिस ने जाल बिछाया। दोनों आरोपी पार्किंग से बाहर निकलते समय पुलिस को देखकर कार से भागने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने गेट बंद कर उनका रास्ता रोक लिया और दोनों को हिरासत में ले लिया।

शामलाल पुनिया के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती और अवैध हथियार रखने समेत 17 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, श्रीराम मांजु के खिलाफ हत्या का प्रयास, डकैती, बलात्कार, छेड़छाड़, चोरी और सेंधमारी समेत 26 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए संबंधित पिंपरी-चिंचवड़ और राजस्थान पुलिस के हवाले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध अन्वेषण शाखा के पुलिस निरीक्षक सुशांत चव्हाण और उनकी टीम ने पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के सहयोग से की। पुलिस की ओर से अपराधियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags