Samachar Nama
×

कोल्हापुर पहुंचे सीएम फडणवीस, गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होगा परियोजनाओं का उद्घाटन

कोल्हापुर, 20 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के कोल्हापुर हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह राजनीतिक हलचल तेज रही, जब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस विशेष कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे। वे श्री महालक्ष्मी अंबाबाई मंदिर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के उद्घाटन समारोह में भाग लेने वाले हैं। यह कार्यक्रम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में आयोजित किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, अमित शाह शुक्रवार देर रात कोल्हापुर पहुंचे थे और उन्होंने सरकारी विश्राम गृह में रात्रि विश्राम किया। वे एक दिवसीय कोल्हापुर-इचलकरंजी दौरे पर हैं, जिसमें विभिन्न विकास परियोजनाओं और सहकारी क्षेत्र से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान महालक्ष्मी अंबाबाई मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित राज्य मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। राज्य के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार भी मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ कोल्हापुर पहुंचे हैं।

बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 'पश्चिमी महाराष्ट्र मंदिर विकास योजना' के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। इसके अलावा, अमित शाह कोल्हापुर के पुलिस परेड ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद, वे इचलकरंजी में 'जनता सहकारी बैंक' की नई इमारत का उद्घाटन करेंगे और एक सहकारी चीनी मिल के नाम बदलने और उसके विस्तार से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री इचलकरंजी के 'कल्लाप्पाना अवाडे टेक्सटाइल पार्क' मैदान में किसानों की एक सभा को भी संबोधित करेंगे।

वहीं, मुख्यमंत्री का कार्यक्रम केवल मंदिर क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वे पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा, इचलकरंजी में सहकारी बैंक से जुड़े कार्यक्रम और किसान सभा में भी भाग लेंगे। प्रशासनिक स्तर पर इन सभी आयोजनों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस दौरे में राज्य के निर्माण मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले, कई विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें विशेष पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलेक्टर, नगर आयुक्त और जिला पुलिस अधीक्षक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। सभी ने हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

सूत्रों के मुताबिक, सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 6 बजे मुंबई के लिए रवाना होंगे। यह दौरा राज्य में विकास कार्यों की समीक्षा और सहकारी व धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags