Samachar Nama
×

कोल्हापुर को मिलेगा 35 हजार दर्शक क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, सीएम फडणवीस की मौजूदगी में हुआ एमओयू

कोल्हापुर को मिलेगा 35 हजार दर्शक क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, सीएम फडणवीस की मौजूदगी में हुआ एमओयू
कोल्हापुर को मिलेगा 35 हजार दर्शक क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, सीएम फडणवीस की मौजूदगी में हुआ एमओयू

मुंबई, 21 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सुनेत्रा अजित पवार की उपस्थिति में कोल्हापुर जिला क्रिकेट संघ (केडीसीए) और खेल विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

सरकार का कहना है कि इस परियोजना से कोल्हापुर के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी।

इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, जनस्वास्थ्य मंत्री एवं कोल्हापुर के संरक्षक मंत्री प्रकाश आबिटकर, राज्य योजना मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश क्षीरसागर, विधायक अमल महाडिक, कोल्हापुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष छत्रपति संभाजीराजे, खेल विभाग के प्रधान सचिव रणजीत सिंह देओल, कोल्हापुर के जिलाधिकारी डॉ. विजय राठौड़ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और खेल प्रशासक मौजूद रहे।

परियोजना के तहत करवीर तालुका के विकासवाड़ी क्षेत्र में स्थित 12.76 हेक्टेयर (31.90 एकड़) सरकारी भूमि को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए कोल्हापुर जिला क्रिकेट संघ को हस्तांतरित किया गया है।

स्टेडियम का निर्माण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मानकों के अनुसार किया जाएगा। इसमें लगभग 35,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह परियोजना केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे एक मल्टी-स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा।

यहां मुक्केबाजी, जूडो, तीरंदाजी, कुश्ती, तैराकी, टेबल टेनिस और फेंसिंग जैसे खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

परियोजना में आधुनिक पवेलियन, अभ्यास मैदान, इनडोर प्रशिक्षण केंद्र, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, क्लब हाउस, फ्लडलाइट सिस्टम, क्रिकेट संग्रहालय, खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए पार्किंग, आंतरिक सड़कें, ड्रेनेज सिस्टम, सौर ऊर्जा परियोजना और अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था शामिल होगी। इसके अलावा स्टेडियम परिसर में एक क्रिकेट संग्रहालय भी स्थापित किया जाएगा।

सरकार के अनुसार यह परियोजना राज्य में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित करने के संकल्प को मजबूती देगी और कोल्हापुर की समृद्ध खेल परंपरा को नई दिशा प्रदान करेगी।

इससे न केवल जिले में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। साथ ही खेल पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) महाराष्ट्र के अनुसार, यह परियोजना कोल्हापुर को देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags