'किसी से भी हारो, पाकिस्तान से नहीं': जेमिमा रोड्रिग्स
नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हमेशा से रोमांचक होता रहा है। फैंस बेसब्री से दोनों देशों के बीच होने वाले मैच का इंतजार करते हैं। भारतीय टीम की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा है कि हम किसी भी टीम से हार सकते हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ हार मंजूर नहीं है।
जेमिमा रोड्रिग्स ने जियोस्टार पर कहा, "मुझे याद है जब मैंने अपना पहला भारत-पाकिस्तान मैच खेला था। ड्रेसिंग रूम में, हरमन दी ने हमसे बात की थी, और कहा था, 'इसे नकारो मत। बाहर से दबाव होता है क्योंकि हम भारत बनाम पाकिस्तान का इतिहास जानते हैं। हम जानते हैं कि फैंस क्या उम्मीद करते हैं।'"
रोड्रिग्स ने कहा, "मेरी बिल्डिंग का वॉचमैन भी कहता है, 'किसी से भी हारो, लेकिन पाकिस्तान से नहीं।' यह उस तरह का दबाव है क्योंकि लोग क्रिकेट को पसंद करते हैं। उन्हें यह प्रतिस्पर्धा पसंद है।"
मध्यक्रम बल्लेबाज ने कहा, "भारतीय टीम एक बड़े लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है, जो टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाना है।"
उन्होंने कहा, "हम एक टीम के तौर पर विश्व कप की ट्रॉफी उठाने के बारे में सोचते रहते हैं। यह हमारी दिनचर्या के हिस्से की तरह है। हमारा मानना है कि अगर आप किसी चीज को काफी देर तक देखते हैं, तो आप उस दिशा में आगे बढ़ना शुरू कर देते हैं। यह हमारी टीम की थीम है। हमने 2025 विश्व कप के दौरान ऐसा किया था। अमोल सर ने यहां भी करने के लिए कहा है, और हम इसे जारी रखेंगे।"
टूर्नामेंट से पहले टीम की तैयारियों और दबाव पर बात करते हुए जेमिमा ने कहा, "हम हर गेम के लिए अलग तरह से तैयारी करते हैं। हम खुद को मुश्किल स्थिति में डाल रहे हैं, चाहे वह प्रशिक्षण में हो या मैदान पर। हमारे बहुत सारे सेशन होते हैं जहां हम अलग-अलग स्थिति में खेलते हैं।"
उन्होंने कहा, "हर कोई कहता है कि आपको दबाव में अच्छा खेलना है, लेकिन आप ऐसा कैसे करते हैं? आप अभ्यास के दौरान खुद को बार-बार दबाव में डालकर और उन हालात को जितना हो सके चुनौतीपूर्ण बनाकर ऐसा करते हैं, ताकि जब आप मैच में जाएं, तो तैयार महसूस करें।"
जेमिमा ने कहा, "हमारी तैयारी बहुत अच्छी रही है। टीम में आत्मविश्वास दिख रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हमारी सीरीज अच्छी नहीं रही, लेकिन कभी-कभी हार आपको जीतने से कहीं ज्यादा सिखाती है। हमने उन सबक के नोट्स बनाए हैं, उन पर काम किया है। अब हम मैदान पर जाकर अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं।"
--आईएएनएस
पीएके

