किसी के बारे में राय बनाने से पहले उसके बारे में जानना जरूरी, फ्लाइट में यात्री ने अनुपम खेर को दी सीख
मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने हाल ही में अपने जीवन से जुड़ा एक अनुभव साझा किया है। दरअसल, गोवा से मुंबई की फ्लाइट के दौरान उनकी मुलाकात एक ऐसे शख्स से हुई, जिसने उनका जीवन जीने और लोगों को परखने का नजरिया ही बदल दिया।
दरअसल, अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनके साथ डेविड नाम का एक व्यक्ति नजर आ रहा है। तस्वीर के साथ अभिनेता ने बताया कि यह मुलाकात उनके लिए कितनी खास रही।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''जीवन हर दिन हमें कुछ न कुछ सिखाता है और पिछले हफ्ते की इस फ्लाइट में मुझे भी एक महत्वपूर्ण सीख मिली। जब डेविड फ्लाइट में चढ़े, तो कई यात्रियों की नजर उन पर गई। डेविड का वजन सामान्य से ज्यादा था, इसलिए लोग उन्हें देखकर अलग-अलग बातें सोच रहे थे। वह आकर मेरी सीट के सामने वाली लाइन में बैठ गए। फ्लाइट के दौरान कुछ समय बाद उन्होंने अपना बैग खोला और उसमें से काफी सारी चॉकलेट और मिठाइयां बाहर निकालीं। इसके बाद वह अपनी सीट से उठकर विमान के पिछले हिस्से की ओर चले गए।''
उन्होंने कहा, ''यह देखकर मेरे मन में एक धारणा बन गई। मैंने डेविड के पास बैठे एक अन्य यात्री की ओर देखकर कहा कि शायद उन्हें इतनी ज्यादा मिठाइयां नहीं खानी चाहिए। उस यात्री ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि शायद यही कारण है कि उनका वजन ज्यादा है। उस समय तक मुझे यही लग रहा था कि डेविड अपने लिए इतनी सारी मिठाइयां लेकर आए हैं।''
अनुपम ने कहा, लेकिन कुछ ही देर बाद जो हुआ, उसने मेरी सोच पूरी तरह बदल दी। डेविड वापस अपनी सीट पर आए और उन्होंने अपने पास रखी सारी चॉकलेट और मिठाइयां इकट्ठा करके केबिन क्रू को दे दीं। यह देखकर मैं हैरान रह गया। मुझे समझ नहीं आया कि जिस व्यक्ति के बारे में मैंने कुछ और सोचा था, वह ऐसा काम क्यों कर रहा है।''
अभिनेता ने बताया, ''मैंने डेविड से बात की और उन्हें बताया कि मुझे लगा था कि आप खुद सारी चॉकलेट खाने वाले हैं और इसी वजह से आपका वजन ज्यादा है। इस पर डेविड ने कहा, 'मैं आपको इस सोच के लिए दोष नहीं दूंगा, क्योंकि ज्यादातर लोग पहली नजर में यही सोचते हैं। मेरा वजन मेडिकल कंडीशन के कारण बढ़ा है। मैं पहले एयरलाइंस के साथ काम कर चुका हूं, इसलिए अच्छी तरह पता है कि केबिन क्रू हर दिन कित हालातों से गुजरते हैं। ऐसे में मैंने एक आदत बना ली। जब भी मैं ट्रैवल करता हूं, तो उनके लिए कुछ मीठा लेकर चलता हूं।''
अनुपम खेर ने कहा, ''उस पल मुझे महसूस हुआ कि मैंने बिना पूरी सच्चाई जाने केवल किसी के बाहरी रूप को देखकर उसके बारे में राय बना ली थी। हम सभी कई बार ऐसा करते हैं। हम किसी इंसान की परिस्थितियों, संघर्षों और जीवन की कहानी को जाने बिना उसके बारे में निष्कर्ष निकाल लेते हैं।''
उन्होंने लिखा,''डेविड एक शानदार इंसान हैं और उन्होंने मुझे जीवन का महत्वपूर्ण सबक सिखाया है। दयालुता कई बार उन लोगों के भीतर छिपी होती है, जिन्हें हम सबसे कम समझते हैं। किसी व्यक्ति की असली पहचान उसके चेहरे, शरीर या कपड़ों से नहीं बल्कि उसके व्यवहार और सोच से होती है।''
उन्होंने आगे कहा, ''यह मुलाकात मुझे हमेशा याद रहेगी। इस मुलाकात ने मुझे यह सोचने पर मजबूर किया कि दुनिया में कितने लोग ऐसे हैं, जिनके बारे में हम बिना जाने राय बना लेते हैं। इसलिए किसी के बारे में फैसला करने से पहले उसकी पूरी कहानी जानना जरूरी है।''
--आईएएनएस
पीके/वीसी

