Samachar Nama
×

किसी भी खिलाड़ी के साथ अन्याय न हो, उम्र में धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं: मीत हेयर

मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़), 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) की तरफ से न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में नवनिर्वाचित मानद सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर की अगुवाई में एक परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई।
किसी भी खिलाड़ी के साथ अन्याय न हो, उम्र में धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं: मीत हेयर

मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़), 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) की तरफ से न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में नवनिर्वाचित मानद सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर की अगुवाई में एक परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई।

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की इस बैठक में पंजाब भर की विभिन्न जिला क्रिकेट एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों और सचिवों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मीत हेयर ने सभी सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए जमीनी स्तर पर क्रिकेट के विकास के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।

मीत हेयर ने जोर देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया पारदर्शी और पूरी तरह मेरिट के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और जब खिलाड़ियों को मेरिट के आधार पर अवसर मिलेंगे, तभी बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने विभिन्न जिलों में क्रिकेट के विकास से संबंधित चल रहे कार्यों और प्रगति की समीक्षा भी की और राज्य में क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया।

मीत हेयर ने यह भी कहा कि जिला एसोसिएशनों की तरफ से दिए जाने वाले सुझावों और फीडबैक का स्वागत है और उन पर गंभीरता से विचार करके पंजाब में क्रिकेट के सुव्यवस्थित विकास को सुनिश्चित किया जाएगा।

उम्र से संबंधित धोखाधड़ी के मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सचिव ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां आयु-वर्ग क्रिकेट की विश्वसनीयता और निष्पक्षता को प्रभावित करती हैं और योग्य खिलाड़ियों को समान अवसरों से वंचित करती हैं। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि संबंधित जिला क्रिकेट एसोसिएशनों की जिम्मेदारी है कि वे खिलाड़ियों के चयन के दौरान उचित सत्यापन और जांच सुनिश्चित करें।

बैठक का समापन एक सकारात्मक माहौल में हुआ, जिसमें राज्य भर के उभरते खिलाड़ियों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा और अवसर उपलब्ध कराने के लिए साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

--आईएएनएस

आरएआरएसजी

Share this story

Tags