Kishtwar SPO Missing: किश्तवाड़ में आर्मी पेट्रोलिंग टीम के साथ गए 2 पुलिसकर्मी लापता, इलाके में फायरिंग की भी खबर
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के अचानक लापता होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। दोनों बुधवार दोपहर से दच्छन-मरवाह के दूरदराज इलाके से लापता बताए जा रहे हैं। घटना के समय वे आर्मी की पेट्रोलिंग टीम के साथ मौजूद थे। पुलिस और सुरक्षाबलों ने दोनों की तलाश के लिए संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों SPO ढेरना पोस्ट की ओर जा रहे थे। लापता होने से पहले उनके मोबाइल फोन चालू थे, लेकिन कुछ समय बाद दोनों नंबर स्विच ऑफ हो गए। इसके बाद से उनकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
लापता होने के समय इलाके में सुनाई दी फायरिंग
दोनों पुलिसकर्मियों के लापता होने की घटना के साथ ही इलाके में फायरिंग की आवाज सुनाई देने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, फायरिंग किस वजह से हुई और इसका दोनों SPO के लापता होने से कोई संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। सुरक्षाकर्मी संभावित रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में दोनों की तलाश कर रहे हैं।
SPO के लापता होने के दौरान बाधित हुआ एयरटेल नेटवर्क
घटना के समय दच्छन-मरवाह इलाके में एयरटेल मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की जानकारी भी सामने आई है। गौरतलब है कि एयरटेल ने इसी साल 10 मार्च को मरवाह इलाके में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।
नेटवर्क बाधित होने और दोनों मोबाइल फोन स्विच ऑफ होने के कारण संपर्क स्थापित करने में परेशानी आने की आशंका है। हालांकि, नेटवर्क बाधित होने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
अक्टूबर में भी लापता हुए थे SPO, बाद में मिला था शव
किश्तवाड़ में SPO के लापता होने की यह घटना इसलिए भी चिंता बढ़ा रही है, क्योंकि अक्टूबर में भी ऐसा मामला सामने आया था। 15 अक्टूबर 2026 को SPO बशीर अहमद त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से अपनी सर्विस राइफल के साथ लापता हो गए थे।
अगले दिन 16 अक्टूबर को उनका शव त्रिगाम के जंगल में एक नाले के पास गड्ढे में दबा हुआ मिला था। इसके बाद पुलिस ने 19 अक्टूबर को हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
फिलहाल दोनों लापता SPO की तलाश जारी है। सुरक्षा एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से फायरिंग, मोबाइल नेटवर्क बाधित होने और दोनों पुलिसकर्मियों के लापता होने के बीच संबंध को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

