Samachar Nama
×

किश्तवाड़ में शांतिपूर्ण दीपावली के लिए प्रशासन ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए निर्देश

किश्तवाड़ में शांतिपूर्ण दीपावली के लिए प्रशासन ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए निर्देश
किश्तवाड़ में शांतिपूर्ण दीपावली के लिए प्रशासन ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए निर्देश

किश्तवाड़, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए जिला प्रशासन किश्तवाड़ ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा (जेकेएएस) ने आज नए डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक की शुरुआत में डीसी ने सभी को आगामी दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस साल 8 नवंबर को मनाया जाने वाला यह त्योहार खुशी और उल्लास का प्रतीक है, इसलिए प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में यह पर्व पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।

डीसी ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और तय व्यवस्थाओं को समय पर लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को बड़ों की देखरेख के बिना पटाखे न जलाने दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

एएसपी किश्तवाड़ को निर्देश दिया गया कि शहर, आसपास के इलाकों और सभी धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। सभी सब-डिवीजन और तहसीलों में भी शांति बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए जिला पुलिस, एआरटीओ और डीटीआई को पार्किंग और यातायात प्रबंधन की विशेष योजना बनाने को कहा गया है।

बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट परजल शक्ति विभाग को शहरभर में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और चौगान ग्राउंड, आईटीआई ग्राउंड सहित पटाखा बाजार स्थलों पर पानी के टैंकर तैनात करने को कहा गया है। जेपीडीसीएल के कार्यकारी अभियंता को दीपावली के दिन बिजली आपूर्ति सुचारू रखने और आपात स्थिति के लिए लाइनमैन और सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग को डाक बंगले के पास फर्स्ट एड कैंप लगाने, सभी पीएचसी, सीएचसी और सब-सेंटर को 24x7 स्टाफ, एम्बुलेंस और दवाओं के साथ तैयार रखने को कहा गया है। जलने और सांस संबंधी मामलों के लिए विशेष इमरजेंसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

त्योहार के दौरान कालाबाजारी और मिलावट रोकने के लिए तहसीलदार, नगर परिषद, एसएचओ, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और लीगल मेट्रोलॉजी की संयुक्त मार्केट चेकिंग टीम बनाई गई है, जो आज से ही बाजारों में रेट लिस्ट, मिठाइयों की गुणवत्ता और सफाई की जांच करेगी। नियम तोड़ने वालों पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई होगी। मोबाइल टेस्टिंग वैन से मौके पर ही सैंपल लिए जाएंगे।

नगर परिषद को मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज को 6 से 8 नवंबर तक हिद्याल चौक, बस स्टैंड और डाक बंगले पर दमकल गाड़ियां तैनात रखने को कहा गया है। पूरी स्थिति पर नजर रखने के लिए डीसी कार्यालय का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags