किसानों के जंतर-मंतर मार्च के आह्वान के बीच नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर हाई अलर्ट
नोएडा, 22 जुलाई (आईएएनएस)। किसानों के जंतर-मंतर पहुंचने के आह्वान के मद्देनजर नोएडा और दिल्ली के बीच स्थित सभी प्रमुख बॉर्डरों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस और दिल्ली पुलिस संयुक्त रूप से लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं।
मंगलवार से शुरू हुआ यह अभियान बुधवार को भी जारी रहा, जिसके तहत दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रत्येक संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसानों के प्रस्तावित प्रदर्शन और जंतर-मंतर पहुंचने के आह्वान को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस की कोशिश है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे, जबकि आम लोगों को भी कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी नोएडा साद मियां खान एवं एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 नोएडा मयंक तिवारी के नेतृत्व में थाना फेस-1 पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत प्रत्येक संदिग्ध वाहन, दोपहिया, चारपहिया और पैदल आने-जाने वाले लोगों की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही ऐसे वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है जो यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। बिना वैध दस्तावेज, संदिग्ध नंबर प्लेट, अवैध रूप से संशोधित वाहन तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई गई है, जिससे वाहनों की गति नियंत्रित रखते हुए उनकी जांच की जा सके।
पुलिस टीम आधुनिक उपकरणों के साथ वाहनों की जांच कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों से पूछताछ भी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जांच अभियान के दौरान पुलिस का सहयोग करें, आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान पूरी तरह एहतियात के तौर पर चलाया जा रहा है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे, यातायात सुचारु रूप से संचालित हो और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

