Samachar Nama
×

कीर्ति आजाद और इमरान मसूद के बयान पर सीटीआई और रामलीला महासंघ का कड़ा विरोध, माफी की मांग

कीर्ति आजाद और इमरान मसूद के बयान पर सीटीआई और रामलीला महासंघ का कड़ा विरोध, माफी की मांग
कीर्ति आजाद और इमरान मसूद के बयान पर सीटीआई और रामलीला महासंघ का कड़ा विरोध, माफी की मांग

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। ममता तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद द्वारा भगवान श्रीराम और अयोध्या स्थित राम मंदिर को लेकर दिए गए बयान और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद द्वारा दीपावली को मानव जनित रोग कहे जाने पर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) और रामलीला महासंघ ने कड़ा विरोध जताया है।

सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि सांसद कीर्ति आजाद ने मीडिया में कहा है कि वे कभी राम मंदिर नहीं जाएंगे क्योंकि भगवान राम ने अग्निपरीक्षा के बाद भी माता सीता का त्याग किया था। इस बयान से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

सीटीआई ने ममता बनर्जी को पत्र लिखकर मांग की है कि कीर्ति आजाद अपना बयान वापस लें और खेद व्यक्त करें तथा पार्टी इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे।

सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा, "अपनी आस्था बताना सबका अधिकार है लेकिन दूसरे की आस्था का अपमान करना किसी का अधिकार नहीं है। भगवान राम मर्यादा, त्याग और कर्तव्य के प्रतीक हैं। माता सीता भी उतनी ही पूजनीय हैं। राम और सीता को आमने-सामने खड़ा करके राजनीति करना गलत है। हम टकराव नहीं, संवाद चाहते हैं।"

सीटीआई ने कहा कि अयोध्या के व्यापारियों में भी इन बयानों को लेकर भारी नाराजगी है और उन्होंने सीटीआई से संपर्क किया है। अयोध्या की अर्थव्यवस्था श्रद्धा पर टिकी है। श्रद्धा को चोट पहुंचेगी, तो वहां के छोटे व्यापारी, होमस्टे मालिक, होटल कर्मचारी, रिक्शा चालक, कुम्हार, फूल और प्रसाद विक्रेता की रोजी-रोटी को भी चोट पहुंचेगी।

सीटीआई के मुताबिक, अयोध्या आज केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं है बल्कि देश की सबसे बड़ी आध्यात्मिक अर्थव्यवस्था का हब बन गया है।

भव्य राम मंदिर से पहले सालाना श्रद्धालु लगभग 1.7 लाख थे, जो 2024 में 16.4 करोड़ और 2025 में लगभग 20 करोड़ तक पहुंच गए। होटल के कमरे 3,500-4,000 से बढ़कर 5,000 से ज्यादा हो गए हैं, 50 से ज्यादा बड़े होटल प्रोजेक्ट निर्माणाधीन हैं। होमस्टे 0 से बढ़कर 1,136 हो गए हैं। रेस्टोरेंट लगभग 200 से बढ़कर लगभग 2,000 हो गए हैं। रिक्शा/ ई-रिक्शा 500 से बढ़कर 17,000 हो गए हैं। दुकानदारों की रोज की कमाई 400-500 रुपये से बढ़कर 2,500 रुपये हो गई है। 1.2 लाख से ज्यादा नए रोजगार और 6,000 से ज्यादा नए एमएसएमई बने हैं। मास्टर प्लान 2031 के तहत 85,000 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है।

सीटीआई ने तीन मांग की है, जिनमें कहा गया है कि कीर्ति आजाद भगवान राम पर दिए गए बयान पर माफी मांगें। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्पष्ट करें कि क्या यह पार्टी का आधिकारिक रुख है। भविष्य में किसी भी दल के नेता देवी-देवताओं और त्योहारों पर इस तरह के बयान न दें।

रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने भी कीर्ति आजाद और इमरान मसूद के बयानों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली और देश की किसी भी रामलीला में न तो इनको आमंत्रित किया जाएगा और न ही प्रवेश दिया जाएगा। दिल्ली और देशभर में हजारों रामलीलाएं होती हैं, ऐसे बयानों से लाखों कलाकारों और आयोजकों को भी ठेस पहुंचती है।

सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सनातन आस्था और अर्थव्यवस्था के सबसे बड़े त्योहार दीपावली को मानव जनित रोग कहा है। इसको लेकर आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों में भी भारी नाराजगी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को इस पर संज्ञान लेते हुए इमरान मसूद को बर्खास्त करना चाहिए या फिर वो इस मुद्दे पर देश से माफी मांगें।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story