Samachar Nama
×

किरिट सोमैया हर मामले में हिंदू-मुस्लिम देखते हैं, नफरत बंद कर प्यार की बात करें: नसीम सिद्दीकी

किरिट सोमैया हर मामले में हिंदू-मुस्लिम देखते हैं, नफरत बंद कर प्यार की बात करें: नसीम सिद्दीकी
किरिट सोमैया हर मामले में हिंदू-मुस्लिम देखते हैं, नफरत बंद कर प्यार की बात करें: नसीम सिद्दीकी

मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने मुंबई के कुर्ला में प्रेमी जोड़े के साथ हुई मारपीट की घटना की निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की अश्लीलता नहीं होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह मारपीट का समर्थन नहीं करते हैं। इसके साथ ही, उन्होंने भाजपा नेता किरीट सोमैया के हिंदू-मुस्लिम संबंधी बयान पर निशाना साधा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत की आर्थिक तरक्की की तारीफ किए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए और देश में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। इसके अलावा, यूपी चुनाव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को अनैतिक जोड़ी बताते हुए सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि दोनों भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम कर रहे हैं। वहीं, राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों को उन्होंने भाजपा के लिए खतरे की घंटी करार दिया।

कुर्ला में प्रेमी जोड़े के साथ मारपीट की घटना पर नसीम सिद्दीकी ने कहा कि मारपीट की घटना की सभी को निंदा करनी चाहिए, क्योंकि इस तरह की घटनाएं अच्छी नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता नहीं होनी चाहिए। सिद्दीकी ने भाजपा और बजरंग दल की ओर से फ्रेंडशिप डे और 14 फरवरी का विरोध किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि मारपीट करने वाले बच्चों ने शायद इसी तरह की शिक्षा से सीख ली होगी। उन्होंने आशंका जताई कि जोड़ा सार्वजनिक स्थान पर कुछ अश्लील हरकत कर रहा होगा, इसलिए बच्चों ने उनके साथ मारपीट की होगी। हालांकि, किसी भी परिस्थिति में मारपीट करना सही नहीं है।

भाजपा नेता किरीट सोमैया की ओर से कुर्ला की घटना को मुसलमानों की गुंडागर्दी बताए जाने पर सिद्दीकी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किरीट सोमैया हर मामले में हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा तलाशने का काम करते हैं, जो बेहद दुखद है। उन्होंने सोमैया से भारतीय नजरिये से घटनाओं को देखने और सच्चाई के आधार पर बात करने की अपील की। सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा ने उन्हें हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा उठाने के लिए छोड़ रखा है। राजनीतिक रूप से कहीं जगह नहीं मिल रही है तो इस तरह की बयानबाजी से उनकी किस्मत नहीं चमकने वाली है और न ही उन्हें भाजपा में कोई राजनीतिक लाभ मिलने वाला है। उन्होंने नफरत की राजनीति बंद कर प्यार की बात करने की अपील की।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत की आर्थिक विकास दर की तारीफ किए जाने पर नसीम सिद्दीकी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था किस स्थिति में है, इस पर ट्रंप के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। देश के लोग महंगाई और बेरोजगारी की वास्तविक स्थिति को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का जिक्र करते हुए दोनों की राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी की। सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक-दूसरे की तारीफ का सिलसिला राजनीतिक कारणों से है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी डोनाल्ड ट्रंप को अपना प्रिय मित्र बताते हैं, जबकि ट्रंप की ओर से मोदी की राजनीति को समाप्त करने जैसी धमकी दिए जाने वाले बयान भी सामने आते रहे हैं। इसलिए उनकी तारीफों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। सिद्दीकी ने भारत की अर्थव्यवस्था को खराब स्थिति में बताते हुए कहा कि पहले पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की बात की जाती थी, लेकिन अब दो ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। आम गरीब परिवारों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है और किसान आत्महत्या कर रहे हैं। देश की आर्थिक स्थिति का आकलन जनता अपने अनुभवों से कर रही है।

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर निशाना साधते हुए सिद्दीकी ने इसे अनैतिक जोड़ी बताया। उन्होंने कहा कि इससे पहले ओवैसी ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद में प्रकाश आंबेडकर के साथ भी गठबंधन किया था और उनके साथ भोजन भी किया था। सिद्दीकी ने कहा कि उस चुनाव में ओवैसी का एक उम्मीदवार जीत गया, लेकिन प्रकाश आंबेडकर का कोई उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत पाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर गलत राजनीतिक रास्ते पर जा रहे हैं और अगले चुनाव में वह भी उत्तर प्रदेश से जीतकर नहीं आएंगे। सिद्दीकी ने कहा कि दोनों नेता भाजपा को फायदा पहुंचा रहे हैं। सहारनपुर और मेरठ के लोगों को भी अब उनकी राजनीति समझ में आने लगी है। लोग ओवैसी की सभाओं में उन्हें सुनने के लिए आते हैं, लेकिन इसका असर वोटों में बदलाव के रूप में नहीं दिखाई देगा।

राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों पर सिद्दीकी ने कहा कि ये परिणाम भाजपा के लिए खतरे की घंटी हैं। भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और इसकी शुरुआत उत्तर भारत से हुई है। राजस्थान के नतीजे आने वाले समय में भाजपा की राजनीतिक स्थिति में बदलाव का संकेत दे रहे हैं। उन्होंने इसी आधार पर भाजपा के सत्ता में लौटने को लेकर भी सवाल उठाए।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story