Samachar Nama
×

Khunti Accident: झारखंड में तेज रफ्तार ट्रेलर ने 7 लोगों को कुचला, 3 महिलाएं और 4 बच्चों की मौत; मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

Khunti Accident: झारखंड में तेज रफ्तार ट्रेलर ने 7 लोगों को कुचला, 3 महिलाएं और 4 बच्चों की मौत; मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। हादसा जिले के कर्रा इलाके में हुआ, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

स्कूटी सवार को बचाने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोशांबी कॉलोनी के पास एक स्कूटी सवार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ लोग झाड़ियों में फंसे युवक को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान कई महिलाएं और बच्चे सड़क पर खड़े थे।

इसी बीच तोरपा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए।

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बिरसा नायक की मां, बेटी और नाती की जान चली गई। वहीं, दूसरे परिवार के राजेश की मां, पत्नी और दो बेटियों की भी मौत हो गई।

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। ट्रेलर चालक और खलासी की तलाश तथा हादसे से जुड़ी अन्य कार्रवाई को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।

Share this story

Tags