Samachar Nama
×

खोंगजारोन स्थित 5वीं बटालियन मणिपुर राइफल्स को 2026 के लिए 'दूसरी सर्वश्रेष्ठ बटालियन' चुना गया

खोंगजारोन स्थित 5वीं बटालियन मणिपुर राइफल्स को 2026 के लिए 'दूसरी सर्वश्रेष्ठ बटालियन' चुना गया
खोंगजारोन स्थित 5वीं बटालियन मणिपुर राइफल्स को 2026 के लिए 'दूसरी सर्वश्रेष्ठ बटालियन' चुना गया

इंफाल, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। तामेंगलोंग के खोंगजारोन स्थित 5वीं बटालियन मणिपुर राइफल्स को मणिपुर पुलिस विभाग की ओर से 2026 के लिए 'दूसरी सर्वश्रेष्ठ बटालियन' के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मणिपुर राइफल्स और इंडिया रिजर्व बटालियनों के निरीक्षण के दौरान उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिया गया है।

मणिपुर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ओर से 17 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, यह पुरस्कार एक स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिश पर घोषित किया गया। इस कमेटी का गठन 'सर्वश्रेष्ठ बटालियन', 'दूसरी सर्वश्रेष्ठ बटालियन' और 'तीसरी सर्वश्रेष्ठ बटालियन' के लिए डीजीपी ट्रॉफी देने के लिए बटालियनों का निरीक्षण करने के लिए किया गया था।

तामेंगलोंग के खोंगजारोन स्थित 5वीं बटालियन मणिपुर राइफल्स को दूसरा स्थान मिला है। इस पुरस्कार को लोइतांग खुनौ स्थित चौथी इंडिया रिजर्व बटालियन के साथ साझा किया गया है, जिसे भी 2026 के लिए 'दूसरी सर्वश्रेष्ठ बटालियन' घोषित किया गया है।

इंफाल स्थित दूसरी बटालियन मणिपुर राइफल्स को 2026 की 'सर्वश्रेष्ठ बटालियन' के लिए डीजीपी ट्रॉफी दी गई जबकि 10वीं इंडिया रिजर्व बटालियन को 'तीसरी सर्वश्रेष्ठ बटालियन' चुना गया। आदेश में यह भी बताया गया है कि 19 अक्टूबर को 'मणिपुर पुलिस स्थापना दिवस' के अवसर पर इन पुरस्कृत बटालियनों को ट्रॉफियां, प्रशंसा प्रमाण-पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

यह सम्मान तामेंगलोंग के खोंगजारोन स्थित 5वीं बटालियन मणिपुर राइफल्स के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिसे विभागीय निरीक्षण और मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद पुरस्कृत बटालियनों में शामिल किया गया है।

वहीं, मणिपुर पुलिस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा गया, "135वें मणिपुर पुलिस स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत 18 अक्टूबर को मणिपुर पुलिस टेलीकॉम संगठन (एमपीटीओ), मणिपुर के अधिकारियों और कर्मियों ने बिष्णुपुर जिले के चिंगफू हिल रिपीटर स्टेशन पर एक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया।"

मणिपुर पुलिस की ओर से आगे लिखा गया, "इस पहल के तहत, रिपीटर स्टेशन के भीतर और आसपास लगभग 80 पौधे लगाए गए। यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति मणिपुर पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, साथ ही एक हरित और स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देने के उनके संकल्प को भी दोहराता है। पुलिस की ओर से की गई इस पहल से स्पष्ट होता है कि मणिपुर पुलिस स्थापना दिवस मनाना न केवल मणिपुर पुलिस की विरासत और सेवा का सम्मान करने का अवसर है बल्कि एक टिकाऊ और पर्यावरण के प्रति जागरूक भविष्य की दिशा में योगदान देने का भी एक माध्यम है।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story

Tags