Samachar Nama
×

खोखले सिस्टम को बदलना होगा, सौरव दास बोले-10 अक्टूबर को पुलिस जहां रोकेगी, उसी जगह को बना देंगे जंतर-मंतर

खोखले सिस्टम को बदलना होगा, सौरव दास बोले-10 अक्टूबर को पुलिस जहां रोकेगी, उसी जगह को बना देंगे जंतर-मंतर
खोखले सिस्टम को बदलना होगा, सौरव दास बोले-10 अक्टूबर को पुलिस जहां रोकेगी, उसी जगह को बना देंगे जंतर-मंतर

नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि 10 तारीख को पूरा देश कई सदियों में पहली बार युवाओं की बहुत बड़ी लामबंदी देखेगा। देश के युवा एक मकसद के लिए एकजुट हैं। उनसे वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है और उन्हें वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किया जा रहा है। यह प्रक्रिया 2024 से रुकी हुई है। उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर से पूरी दिल्ली ही जंतर-मंतर बन जाएगी।

आईएएनएस से बातचीत में सौरव दास ने कहा कि अब यह बात सामने आ रही है कि जिन कई राज्यों में चुनाव हुए हैं, वहां चुनाव में धांधली हुई है। कई सीटों पर वोट जोड़कर और हटाकर लोगों को हराया गया है। लोकतंत्र में वोट देना हमारा अधिकार है, जिसके जरिए हम अपने हालात बदल सकते हैं। अगर वोट देने का अधिकार ही छीन लिया जाएगा तो लोकतंत्र में क्या बचेगा और सिस्टम कैसे बदलेगा।

सौरव दास ने कहा कि आजादी के इतने साल बाद भी हम बेहतर स्कूल, हवा और पानी की व्यवस्था को ठीक करने की बात कर रहे हैं, जबकि चीन और अमेरिका हमसे काफी आगे निकल चुके हैं। अगर इसके बावजूद हम इन्हीं मुद्दों पर बात कर रहे हैं तो सिस्टम पूरी तरह खोखला हो चुका है। इस सिस्टम को बदलना होगा और इसे वोट देकर ही बदला जा सकता है। अगर वोट ही छीन लिया जाए तो युवा कहां जाएगा।

उन्होंने कहा कि 9 करोड़ युवाओं के पास रोजगार नहीं है। वह युवा कहां जाएगा? हर साल एक करोड़ नौकरियां पैदा करनी होंगी, लेकिन यह सरकार 12 साल में विफल हो गई है। वोट चोरी हो रही है और युवा सड़कों पर उतर आया है। 10 तारीख को बहुत बड़ा प्रदर्शन होगा और हम तब तक नहीं जाएंगे, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते। जंतर-मंतर पर पुलिस किसी को जाने नहीं दे रही है। जंतर-मंतर आज के दौर में हम प्रदर्शनकारियों के लिए एक आशा की किरण है। अगर हमें जंतर-मंतर पर जाने से रोका गया तो वहीं बैठ जाएंगे और वह जगह जंतर-मंतर बन जाएगी। युवा अगर अपनी बात रखने के लिए आ रहा है तो दिल्ली पुलिस को उसे रोकना नहीं चाहिए।

सौरव दास ने कहा कि मोदी सरकार डरी हुई है और पूरी तरह बौखला गई है। सरकार को समझ नहीं आ रहा है कि युवाओं को कैसे संभाला जाए। वह युवाओं की समस्याओं को सुलझाने में विफल हो चुकी है और सीजेपी के नेताओं को गिरफ्तार करना चाहती है। इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है। युवा जाग चुका है।

सौरव दास ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के लिए पुलिस से इजाजत मांगी गई है। हम दिल्ली पुलिस का सहयोग करेंगे और दिल्ली पुलिस को भी हमारा सहयोग करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो स्थिति खराब हो सकती है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story