Samachar Nama
×

'खिताब जीतना किस्मत में लिखा था', स्पेन के चैंपियन बनने पर बोले फेरान टोरेस

'खिताब जीतना किस्मत में लिखा था', स्पेन के चैंपियन बनने पर बोले फेरान टोरेस
'खिताब जीतना किस्मत में लिखा था', स्पेन के चैंपियन बनने पर बोले फेरान टोरेस

न्यूयॉर्क, 20 जुलाई (आईएएनएस)। स्पेन ने फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। खिताबी मैच में स्पेन की ओर से एकमात्र गोल करने वाले फेरान टोरेस ने कहा कि टीम का खिताब जीतना किस्मत में लिखा था।

स्पेन ने 16 साल बाद विश्व कप के खिताब पर दूसरी बार कब्जा जमाया। मैच के 62वें मिनट में मिकेल ओयारजाबल की जगह मैदान पर आए टोरेस ने अतिरिक्त समय में निको विलियम्स के नॉकडाउन पर स्पेन के लिए शानदार गोल दागा। टोरेस ने कहा, "मुझे लगता है कि आखिर में यह गोल 4.7 करोड़ लोगों की तरफ से हुआ, न कि सिर्फ हम लोगों की तरफ से जो यहां मौजूद हैं।" रविवार से पहले टूर्नामेंट में उन्होंने कोई गोल नहीं किया था।

स्पेन के फॉरवर्ड खिलाड़ी ने आगे कहा, "आज किस्मत लिखी जा चुकी थी, हमारी जीत तय थी। आज हम अपने लोगों से दूर हैं, लेकिन हमने उनके जितना हो सके करीब रहने की कोशिश की।" बार्सिलोना के फॉरवर्ड ने माना कि फाइनल में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना का सामना करना एक मुश्किल चुनौती थी, लेकिन उन्होंने कहा कि स्पेन को अपनी रणनीति पर कभी शक नहीं हुआ। उन्होंने कहा, "फाइनल मुश्किल होते हैं। जब विरोधी टीम में मेसी हों, तो चिंता तो होती ही है, लेकिन हमने हमेशा खुद पर भरोसा रखा और अपना बेस्ट फुटबॉल खेलने की कोशिश की और मुझे लगता है कि हम एक बार फिर ऐसा करने में कामयाब रहे।"

रविवार को फाइनल मैच में जिताने वाले गोल से पहले टूर्नामेंट के दौरान टोरेस की काफी आलोचना हुई थी। उन्होंने कहा, "गोल करना बहुत बड़ी राहत की बात थी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान मेरी आलोचना होती रही, लेकिन जैसा कि मैंने पहले कहा, किस्मत लिखी जा चुकी थी।" स्पेन का प्रदर्शन फाइनल मैच में शानदार रहा। टीम के मजबूत डिफेंस ने अर्जेंटीना को पूरे मुकाबले में गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाया।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags