Samachar Nama
×

खिलाड़ी गलतियों की परवाह न करें, इस तरह की जीत से उन्हें काफी आत्मविश्वास मिलेगा: मिचेल मार्श

खिलाड़ी गलतियों की परवाह न करें, इस तरह की जीत से उन्हें काफी आत्मविश्वास मिलेगा: मिचेल मार्श
खिलाड़ी गलतियों की परवाह न करें, इस तरह की जीत से उन्हें काफी आत्मविश्वास मिलेगा: मिचेल मार्श

मेलबर्न, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए टी20 सीरीज के पहले मैच में 3 विकेट से जीत हासिल की। ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में डेब्यूटेंट सैम हार्पर और लचलान शॉ को मौका दिया गया। कप्तान मिचेल मार्श मानते हैं कि खिलाड़ी गलतियों की परवाह न करें और इस तरह की जीत से उन्हें काफी आत्मविश्वास मिलेगा।

बतौर विकेटकीपर सैम हार्पर ने एक कैच आउट समेत एक रन आउट में अहम भूमिका निभाई, जिसके बाद बल्ले से 15 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 32 रन की पारी खेली। इस दौरान कप्तान मिचेल मार्श के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 50 रन जोड़े। वहीं, लचलान शॉ ने टॉम बैंटन (39) और सैम करन (21) का कैच लपकने के बाद टीम के खाते में 5 रन का योगदान दिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 9 विकेट गंवाकर 187 रन बनाए। इस पारी में कप्तान हैरी ब्रूक ने 28 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 65 रन बनाए, जबकि टॉम बैंटन ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अंतिम गेंद पर जीत हासिल की। निखिल चौधरी 38 गेंदों में 66 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान मिचेल मार्श ने 37 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, "पिछले 12 दिन ऑस्ट्रेलिया के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं, लेकिन हमारी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का भविष्य इन्हीं युवा खिलाड़ियों में छिपा है। उम्मीद है कि हम फिर से खेल का आनंद लेना शुरू कर सकेंगे।"

डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों (सैम हार्पर और लचलान शॉ) समेत जोएल डेविस जैसे युवा खिलाड़ियों के सकारात्मक प्रदर्शन पर कप्तान ने कहा, "ये सभी बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। हमने भले ही अभी तक एक-दूसरे के साथ ज्यादा समय नहीं बिताया है, लेकिन वे सभी बहुत उत्साहित थे। टीम में थोड़ी घबराहट भी थी। मैं चाहता हूं कि वे गलतियों की परवाह न करें और इस माहौल का आनंद लें। मुझे उम्मीद है कि इस तरह की जीत से उन्हें काफी आत्मविश्वास मिलेगा और उन्हें यकीन होगा कि वे इस स्तर पर खेलने के काबिल हैं। यह शानदार था।"

जोएल डेविस को मैच का पहला ओवर सौंपा गया था, उन्होंने पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट को कैच आउट कराया। इस पूरे मुकाबले में लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज ने 3 ओवर फेंके, जिसमें 22 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। कप्तान ने बताया कि टीम ने यह कल (शुक्रवार) से ही तय कर लिया था कि डेविस ही गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे।

इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम के क्षेत्ररक्षण पर सवाल खड़े हुए। कप्तान ने कैच छूटने और टीम की फील्डिंग को लेकर कहा, "हां, उस समय मैं थोड़ा चिंतित था। जब आप दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का कैच एक-दो बार छोड़ देते हैं, तो अक्सर आप जीत के हकदार नहीं रह जाते, लेकिन कुछ मुश्किल मौकों को छोड़ दें, तो मुझे लगा कि टीम की ऊर्जा और गति बहुत अच्छी थी। बाहर से यह कैसा दिख रहा था, मुझे नहीं पता, लेकिन इसे देखना बहुत अच्छा लगा। जैसा कि मैंने पहले कहा, ये सभी बेहतरीन खिलाड़ी हैं। यही हमारा भविष्य हैं। हम इस सीरीज में 1-0 से आगे हैं। मुझे पता है, लेकिन ये बहुत सकारात्मक संकेत हैं। इसमें कोई शक नहीं है।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story