‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' ने जनजातीय युवाओं को प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच दिया: सीएम विष्णु देव साय
रायपुर, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के समापन समारोह में शामिल हुए।
सीएम साय ने कहा कि प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि यहां पर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स आयोजित किए गए, जहां युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
इस गेम की मेजबानी के लिए छत्तीसगढ़ को चुने जाने पर सीएम साय ने कहा कि हम प्रदेश भर की जनता की ओर से पीएम मोदी का आभार जताते हैं। हर साल छत्तीसगढ़ में इस तरह का आयोजन होगा।
सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के समापन समारोह में शामिल होना मेरे लिए गर्व और ऊर्जा से भरा विशेष क्षण रहा। इस आयोजन ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर के जनजातीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच दिया। हमारे प्रदेश के होनहार खिलाड़ियों ने भी 3 स्वर्ण सहित कुल 19 पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। प्रदेश के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए इस प्रतियोगिता में एकल विधा में स्वर्ण पदक पर 2 लाख, रजत पर 1.5 लाख और कांस्य पर 1 लाख रुपए तथा दलीय विधा में स्वर्ण पदक पर 1 लाख, रजत पर 75 हजार और कांस्य पर 50 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई है। जनजातीय युवाओं के सपनों को नई पहचान देने वाले इस विशेष खेल आयोजन के लिए पीएम मोदी एवं केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया का हृदय से आभार।
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि बिल्कुल हमारे सभी मंत्रीगण वहां चुनाव प्रचार के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे भी कुछ कार्यक्रम लगे हुए हैं।
सीएम ने दावा किया है कि बंगाल की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है, और मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

