खेल भारत का स्वर्णिम युग, मोदी सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम: तरुण चुघ
नई दिल्ली/अमृतसर, 5 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आत्मीय भेंट को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इस मिलन ने विकसित भारत के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान की है।
चुघ ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनसेवा, सुशासन, संसदीय गरिमा तथा युवाओं से सतत संवाद बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व राष्ट्र निर्माण के प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊर्जा और नई दिशा देने वाला है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, बल्कि रोजगार सृजन, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने महत्वपूर्ण आंकड़े प्रस्तुत किए: पिछले एक दशक में लगभग 17.1 करोड़ नए रोजगार सृजित हुए हैं, बेरोजगारी दर घटकर 3.1 प्रतिशत के आसपास पहुंची है तथा 101 करोड़ से अधिक नागरिक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे में आए हैं। यह भारत की जनता के विश्वास और आकांक्षाओं का परिणाम है।
चुघ ने बताया कि स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, पीएम मुद्रा योजना, प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई), पीएम विकास भारत रोजगार योजना और एक करोड़ युवाओं के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम जैसी पहलें भारत के युवा सामर्थ्य को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का विकास मॉडल केवल आर्थिक वृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक समावेशी विकास मॉडल है जो हर वर्ग को अवसर उपलब्ध कराता है। इसी कारण भारत वैश्विक स्तर पर रोजगार और आर्थिक प्रगति का एक नया उदाहरण बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाते हुए भारत में खेल संस्कृति को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया, फिट इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स), अस्मिता लीग, नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट और खेल विज्ञान आधारित प्रशिक्षण जैसी पहलों ने खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच और सुविधाएं प्रदान की हैं।
चुघ ने भारत की खेल उपलब्धियों का विवरण देते हुए कहा कि भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (ग्लास्गो) में 39 पदक जीते, जिसमें 13 स्वर्ण पदक शामिल हैं। एशियाई खेलों में भारत ने 2014 में 57 पदक से लेकर 2022 में 107 पदक जीते। ओलंपिक गेम्स में भारत का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने कहा कि भारत लगातार अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर रहा – 2029 में वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स, 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के लिए ओलंपिक गेम्स का बिड दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह परिवर्तन केवल आंकड़ों का नहीं है, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के विश्वास, आकांक्षाओं और सामर्थ्य का परिवर्तन है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकसित भारत का संकल्प शीघ्र ही साकार होगा तथा भारत आर्थिक, सामाजिक, खेल और वैश्विक नेतृत्व के प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
--आईएएनएस
डीकेपी/

