Samachar Nama
×

कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी के लिए राजनीतिक बोझ बन गए हैं, खड़गे के वायरल वीडियो पर संजय निरुपम बोले

कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी के लिए राजनीतिक बोझ बन गए हैं, खड़गे के वायरल वीडियो पर संजय निरुपम बोले
कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी के लिए राजनीतिक बोझ बन गए हैं, खड़गे के वायरल वीडियो पर संजय निरुपम बोले

मुंबई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने दिवाली से पहले बीएमसी के पटाखे विरोधी अभियान, अजित पवार गुट के छह वरिष्ठ नेताओं की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात और रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण को लेकर प्रतिक्रिया दी। निरुपम ने एनसीपी नेताओं की अमित शाह से मुलाकात को सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया बताया। वहीं, दिवाली पर पटाखे फोड़ने की परंपरा का समर्थन करते हुए अभिनेत्री दिया मिर्जा पर धार्मिक मामलों में दखल देने का आरोप लगाया। खड़गे के वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने उन्हें पूरी पार्टी के लिए राजनीतिक बोझ करार दिया।

अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के छह वरिष्ठ नेताओं की अमित शाह से मुलाकात को लेकर संजय निरुपम ने कहा कि इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर अनावश्यक चर्चा की जा रही है। एनसीपी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा है और उसके नेता केंद्रीय गृह मंत्री से मिलकर अपनी बात रख सकते हैं। इस मुलाकात में महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात या केंद्र सरकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई हो सकती है। गठबंधन में शामिल सहयोगी दलों के नेताओं का भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलना सामान्य बात है और ऐसा होते रहना चाहिए। बैठक में कौन शामिल हुआ और कौन नहीं, इस पर फिलहाल जरूरत से ज्यादा अर्थ निकालना उचित नहीं है।

बीएमसी के पटाखे-विरोधी अभियान और अभिनेत्री दिया मिर्जा के विरोध को लेकर निरुपम ने कहा कि दिवाली पर पटाखे फोड़ना और पूरे इलाके को रोशनी से जगमगाना सदियों पुरानी परंपरा है। उन्होंने दिया मिर्जा से सवाल किया कि क्या उन्होंने कभी अपने समुदाय के लोगों द्वारा शुक्रवार को सड़कों पर नमाज पढ़ने की परंपरा का विरोध किया है? निरुपम ने कहा कि अभिनेत्री दूसरों के धार्मिक मामलों में दखल दे रही हैं, जबकि उन्होंने कभी दूसरे धर्मों की धार्मिक गतिविधियों में हस्तक्षेप नहीं किया। किसी भी धर्म के मामलों में दखल देने से पहले अपने धर्म में मौजूद कुरीतियों पर भी सवाल उठाने की हिम्मत दिखानी चाहिए।

बीएमसी की व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि मुंबई हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत पटाखे फोड़ने को लेकर नियम बनाए गए हैं। निरुपम ने स्पष्ट किया कि दिवाली जरूर मनाई जानी चाहिए और जो लोग परंपरा के अनुसार पटाखे फोड़ना चाहते हैं, वे निर्धारित मर्यादा में अपने परिसर में ऐसा कर सकते हैं। त्योहार मनाने और परंपराओं का पालन करने के साथ जरूरी सीमाओं का ध्यान रखना भी आवश्यक है।

रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के दौरान कार्यकर्ताओं के शोर को लेकर वायरल हुए वीडियो पर संजय निरुपम ने तीखी टिप्पणी की। वीडियो में खड़गे बार-बार कार्यकर्ताओं से चुप रहने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही, वह यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि यदि कार्यकर्ता शांत नहीं हुए तो वह पूरे एक घंटे तक भाषण देंगे। निरुपम ने कहा कि जब कांग्रेस के कार्यकर्ता ही अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का भाषण सुनने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, तो देश की जनता उनकी बातों को कैसे सुनेगी? उन्होंने खड़गे को कांग्रेस के लिए 'लायबिलिटी' बताते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ही उनके भाषण और विचारों को लेकर उत्साह नहीं दिखाई दे रहा है। पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर खड़गे की टिप्पणी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उसके बाद उनकी लोकप्रियता में गिरावट आई है।

निरुपम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता खड़गे की छवि सुधारने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी छवि अच्छी नहीं है। उन्होंने खड़गे की वक्तत्व शैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके भाषणों में प्रभाव और दम नजर नहीं आता।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी

Share this story