Samachar Nama
×

खनन माफिया पर वर्धा पुलिस का शिकंजा, अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त

खनन माफिया पर वर्धा पुलिस का शिकंजा, अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त
खनन माफिया पर वर्धा पुलिस का शिकंजा, अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त

वर्धा, 24 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में रेत माफिया के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्थानीय अपराध शाखा ने अवैध रेत की चोरी और परिवहन करने वाले आरोपियों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चलाकर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और 20 ब्रास रेत जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल ने जिले में अवैध कारोबार करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत स्थानीय अपराध शाखा लगातार कार्रवाई कर रही है।

पुलिस को 23 सितंबर 2026 को गोपनीय सूचना मिली थी कि हिंगणघाट थाना क्षेत्र के मौजा बोरखेड़ी रेती घाट पर कुछ लोग वणा नदी पात्र से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने बोरखेड़ी रेती घाट मार्ग पर जाल बिछाया। जांच के दौरान मौके पर दो लाल रंग के महिंद्रा 575 डीआई कंपनी के ट्रैक्टर बिना अनुमति के रेत का परिवहन करते हुए पकड़े गए।

इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ हिंगणघाट पुलिस स्टेशन में रेत चोरी का मामला दर्ज किया गया है। चालक मालिक आकाश बिंदूसागर वानमारे, निवासी भीमनगर वार्ड; चालक किशोर दत्ताजी कुडमते, निवासी पिंपलगांव; और मालिक कुणाल मोरेश्वर येसेकर, निवासी भीमनगर वार्ड के रूप में हुई है।

आरोपियों द्वारा शासन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले वणा नदी पात्र से रेत की चोरी कर आर्थिक लाभ के लिए उसका अवैध परिवहन किया जा रहा था। मौके पर ही पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित 20 ब्रास रेत जब्त कर ली। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 12,20,000 रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल और अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के निर्देश पर की गई। इस कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी, नरेंद्र पाराशर, रामेश्वर नागरे, मिथुन जिचकार और प्रफुल पुनवटकर सहित पूरी टीम शामिल थी।

--आईएएनएस

एससीएच/पीएम

Share this story

Tags