Samachar Nama
×

'गोलीबारी का दावा करने वाले ही अब सवालों के घेरे में', खान सर विवाद पर बोले जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार

पटना, 5 जून (आईएएनएस)। खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए कथित हमले को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस गोलीबारी की बात कही गई थी, अब उसी दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
'गोलीबारी का दावा करने वाले ही अब सवालों के घेरे में', खान सर विवाद पर बोले जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार

पटना, 5 जून (आईएएनएस)। खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए कथित हमले को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस गोलीबारी की बात कही गई थी, अब उसी दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नीरज कुमार ने कहा कि जिसने गोली चलने का आरोप लगाया था, अब वही सवालों के घेरे में आ गया है। उनके सुरक्षाकर्मी और बाउंसर पुलिस की हिरासत में हैं तथा मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये लोग बच्चों का जीवन बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब बच्चों को उकसाकर आंदोलन में भेज दिया जाता है, उनके खिलाफ मामले दर्ज हो जाते हैं और बाद में ये लोग उनकी जमानत के लिए भी आगे नहीं आते।

उन्होंने कहा कि पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। जदयू नेता ने मामले में जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि कानून अपना काम कर रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि यह स्वाभाविक रूप से भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के लिए महत्वपूर्ण है। जनता के लिए भी यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि जनता ने ही उन्हें इतने लंबे समय तक सेवा करने का अवसर दिया है।

उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के पास न तो नीति है, न नियत है और न ही नेतृत्व है। उनका आरोप था कि विपक्ष नीतियों पर बहस नहीं करता, बल्कि आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता है। उन्होंने कहा कि लोग कांग्रेस के साथ दिखना भी नहीं चाहते।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तथा पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार के सदस्यों की सुरक्षा में कटौती को लेकर उन्होंने कहा कि सजायाफ्ता होने के बाद भी लालू प्रसाद यादव को सुरक्षा मिली हुई थी। उनकी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को हाई सिक्योरिटी मिली हुई थी। इतना ही नहीं, तेजस्वी यादव की पत्नी को भी सुरक्षा मिली थी और उनकी बहन को भी सुरक्षा प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि जनता ने अपना जनादेश दिया है और सुरक्षा संबंधी निर्णय स्थापित सुरक्षा मानकों के अनुरूप लिए जाते हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/एएस

Share this story

Tags