खान सर कोचिंग सेंटर पर हमले को लेकर भाजपा-जदयू का सख्त रुख, कहा- 'दोषियों को मिलेगी सजा'
पटना, 3 जून (आईएएनएस)। पटना में शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई पत्थरबाजी की घटना पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जदयू के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर कोई अपराध होगा तो आरोपी पकड़ा भी जाएगा और सजा भी होगी।
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने घटना को लेकर कहा, "सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता राज्य में कानून व्यवस्था को बनाए रखना है। इस पर कोई भी समझौता नहीं किया जा सकता है। बिहार में नीतीश कुमार का पिछले 20 साल का ट्रैक रिकॉर्ड है। उन्होंने दबंगों और अपराधियों का अच्छे से इंतजाम किया था। वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं और उनके शासनकाल में भी अपराधियों का इसी तरह इलाज किया जाएगा। अगर कोई अपराध होगा तो आरोपी पकड़ा भी जाएगा और सजा भी होगी।"
बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "इसमें कानून अपना काम करेगा। जो भी लोग दोषी होंगे, उन्हें सजा दी जाएगी।"
बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "किसी को भी कहीं भी कानून तोड़ने का अधिकार नहीं है। जो कोई भी कानून का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है और यह पता लगा रहा है कि आखिर मामला क्या है।"
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, "मीडिया रिपोर्ट और पुलिस के बयानों से पता चला है कि दोनों कोचिंग सेंटरों के बीच आपसी विवाद था। उसी विवाद के कारण यह घटना हुई है। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।"
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "वहां कोई गोलीबारी नहीं हुई थी। जैसे ही सूचना मिली, पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस जांच कर रही है और पत्थरबाजी के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

