खामेनेई की तदफीन: ईरान ने किए विशेष इंतजाम, 9 जुलाई को होंगे सुपुर्द-ए-खाक
तेहरान, 4 जुलाई (आईएएनएस)। ईरान के दिवगंत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने का समारोह तेहरान के ग्रैंड इमाम खुमैनी मुसल्ला में शनिवार को शुरू हो गया। अपने लीडर को देखने के लिए बड़ी तादाद में शोकाकुल लोग जुटे हैं।
प्रेस टीवी के अनुसार, शनिवार तड़के शुरू हुए इस समारोह के साथ ही ग्रैंड इमाम खुमैनी मुसल्ला शोक और श्रद्धांजलि व्यक्त करने आए लोगों से भर गया। बड़ी संख्या में लोग अपने नेता को अंतिम विदाई देने के लिए वहां पहुंचे हैं। स्मृति समारोह के आयोजन मुख्यालय के अनुसार, अंतिम विदाई का यह कार्यक्रम रविवार तक ग्रैंड इमाम खुमैनी मुसल्ला में जारी रहेगा।
तेहरान में जनाजे का जुलूस सोमवार को तय किया गया है। मंगलवार को कॉम और गुरुवार को मशहद में भी कुछ रस्में सम्पन्न की जाएंगी, जहां खामेनेई को इमाम रजा दरगाह में दफनाया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, बुधवार को पवित्र शहरों नजफ और कर्बला में भी विशेष कार्यक्रम होंगे।
शुक्रवार को तेहरान में अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों, गणमान्य व्यक्तियों और दुनिया भर के धार्मिक नेताओं ने आधिकारिक तौर पर श्रद्धांजलि दी। भारत सरकार की ओर से आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन शामिल हुए। पबित्रा मार्गेरिटा ने एक्स पर श्रद्धांजलि अर्पित करती हुई कुछ तस्वीरें भी साझा की थीं।
वहीं, शनिवार को लोगों की भारी तादाद और उनके जज्बातों को देखते हुए ईरान सरकार ने विशेष व्यवस्था भी की है। सरकार ने खामेनेई के अंतिम संस्कार में जुटने वाले लोगों के लिए होटल किराए में 50 फीसदी तक की छूट दी है। वहीं, तदफीन में शामिल होने आने वाले लोगों के ठहरने के लिए देशभर में 5,000 से ज्यादा स्कूल खोल दिए गए हैं।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, शिक्षा मंत्री ने बताया कि शोकाकुल लोगों के लिए देशभर के 5,000 से अधिक स्कूलों और करीब 40,000 से 50,000 कक्षाओं को तैयार किया गया है। तेहरान में शनिवार को 1 करोड़ से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने हजारों लोग सुबह से ही तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला में जुटने लगे हैं। काले कपड़े पहने लोग हाथों में झंडे और बैनर लिए हुए हैं।
स्कूलों के अलावा मस्जिदों और खेल परिसरों में भी ठहराने की व्यवस्था की गई है। बस और रेल सेवाओं का रूट भी बदला गया है ताकि लोग आसानी से समारोह में हिस्सा ले सकें।
स्टेट मीडिया के अनुसार, लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए तेहरान की मेट्रो सर्विस और सभी सरकारी बसों को पूरी तरह निशुल्क कर दिया गया था।
हवाई क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए ईरान ने अपने सबसे आधुनिक एस-300 और बावर-373 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किए हैं। पूरे तेहरान में ड्रोन और निजी विमानों पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। इसके साथ ही, विदेशी डेलिगेट्स और वीआईपी नेताओं की सुरक्षा के लिए विशेष अंडरग्राउंड कमांड सेंटर बनाए गए।
--आईएएनएस
केआर/

