Samachar Nama
×

जैन मुनि को मिला खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का न्योता, अमेरिका से जाएंगे तेहरान

जैन मुनि को मिला खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का न्योता, अमेरिका से जाएंगे तेहरान
जैन मुनि को मिला खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का न्योता, अमेरिका से जाएंगे तेहरान

नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। जैन संत और अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक आचार्य लोकेश मुनि को ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने का औपचारिक न्योता मिला, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। यह कार्यक्रम 4 और 5 जुलाई को तेहरान में होगा।

जैन मुनि के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर निमंत्रण पत्र को पोस्ट कर लिखा गया, "ईरान सरकार के आमंत्रण पर शांतिदूत जैन आचार्य लोकेशजी अमेरिका से तेहरान पहुंचेंगे। आचार्य राष्ट्राध्यक्षों एवं वैश्विक नेताओं के साथ 3 जुलाई 2026 को तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसाल्ला कॉम्प्लेक्स में अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।"

पोस्ट के अनुसार जैन मुनि इस वक्त अमेरिका में हैं। इसमें आगे लिखा गया, "अमेरिका की शांति सदभाव यात्रा के दौरान गुरुदेव के “वी सपोर्ट पीस” अभियान को रिपब्लिक और डेमोक्रेट दोनों पार्टियों के नेताओं के अभूतपूर्व समर्थन के बाद तत्काल ईरान की यात्रा वैश्विक शांति की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।"

वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता के कार्यालय की ओर से भेजे गए निमंत्रण पत्र में कहा गया, "भारत-ईरान के ऐतिहासिक रिश्तों को देखते हुए आचार्य लोकेश मुनि की मौजूदगी दोनों देशों के बीच गहरे सम्मान और मित्रता का प्रतीक होगी।"

ईरान की सरकारी मीडिया आईआरएनए के मुताबिक, अंतिम संस्कार में 1.2 करोड़ से 2 करोड़ लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इस कारण पूरे तेहरान में सुरक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। शहर में कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही भी सीमित रहेगी।

भारत सरकार का प्रतिनिधित्व बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा करेंगे।

36 साल तक इस्लामिक रिपब्लिक के सुप्रीम लीडर रहे अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को यूएस-इजरायल हमले में जान चली गई थी। यह घटना तेहरान पर हवाई हमलों के पहले दिन हुई थी। खामेनेई ने लंबे समय तक ईरान की राजनीति और शासन व्यवस्था को दिशा दी।

ईरानी मीडिया के मुताबिक, अंतिम संस्कार की तैयारियों में कई बड़े धार्मिक आयोजन शामिल हैं। 7 जुलाई को पवित्र शहर कॉम में भी समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 9 जुलाई को मशहद में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। मशहद वही जगह है जहां खामेनेई का जन्म हुआ था।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags