केतन हत्याकांड में उज्ज्वल निकम बने विशेष लोक अभियोजक, सीएम फडणवीस का अनुरोध स्वीकार
मुंबई, 26 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे स्थित लोहागढ़ किले में हुई हत्या के मामले में राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक (स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) नियुक्त किया गया है। निकम ने स्वयं इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनसे इस बहुचर्चित मामले को अदालत में लड़ने का अनुरोध किया है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उज्ज्वल निकम ने बताया कि यह घटना केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए बेहद चौंकाने वाली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें फोन कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया। सीएम ने बताया कि पीड़ित अग्रवाल परिवार उनसे मिला था और परिवार ने न्याय सुनिश्चित करने के लिए इस मामले में विशेष ध्यान देने की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुझसे इस केस को अदालत में लड़ने का अनुरोध किया, जिसे मैंने स्वीकार कर लिया है।
उन्होंने कहा कि जब वह अपने कार्यालय में थे, तब मुख्यमंत्री का फोन आया। फडणवीस ने उन्हें पुणे में हुई हत्या की घटना की जानकारी देते हुए कहा कि यह मामला राज्य सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। मुख्यमंत्री ने उनसे स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर की भूमिका निभाने का आग्रह किया, जिस पर उन्होंने सहमति जताई। मैं इस जिम्मेदारी के लिए तैयार हूं क्योंकि यह एक चुनौतीपूर्ण मामला है। मैंने मुख्यमंत्री से कहा है कि मैं पूरी गंभीरता के साथ इस केस को संभालूंगा। हालांकि, फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और चार्जशीट दाखिल होने के बाद ही मैं इस मामले पर विस्तार से टिप्पणी कर पाऊंगा।
इसी दौरान उज्ज्वल निकम ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा द्वारा दिए गए इस्तीफों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए यह एक सकारात्मक और सराहनीय कदम है।
निकम ने कहा कि यह अच्छी बात है कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। इस मामले में जांच भी शुरू हो गई है। राम मंदिर के ट्रस्टियों ने यह सुनिश्चित करके एक अच्छी मिसाल कायम की है कि जांच में कोई रुकावट न आए। मेरा मानना है कि यह एक अच्छा कदम है, क्योंकि इससे जांच ठीक से आगे बढ़ सकेगी।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम

