Samachar Nama
×

केशव का अखिलेश पर निशाना, बोले- यूपी की जनता 2027 में सपा की साइकिल पंचर कर सैफई भेज देगी

केशव का अखिलेश पर निशाना, बोले- यूपी की जनता 2027 में सपा की साइकिल पंचर कर सैफई भेज देगी
केशव का अखिलेश पर निशाना, बोले- यूपी की जनता 2027 में सपा की साइकिल पंचर कर सैफई भेज देगी

लखनऊ, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अखिलेश यादव को 2012 से 2017 तक के सपा शासनकाल की गुंडागर्दी, अपराध, माफियागिरी और दंगों की समीक्षा करनी चाहिए।

केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बात का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार यूपी में अंगद के पांव की तरह मजबूती से टिकी है। अगले 30 साल तक सपा सत्ता में नहीं आएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव और उनके मित्र राहुल गांधी सत्ता वापसी का सपना देख रहे हैं, लेकिन न राहुल गांधी देश में सत्ता में आने वाले हैं और न ही अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में आएंगे।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी रामद्रोहियों की पार्टी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सपा को उसकी हैसियत दिखा देगी और उसकी साइकिल पंचर करके सैफई भेज देगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सांसद हैं, लेकिन उन्हें यह तक नहीं पता कि देश में नागरिकता का सर्टिफिकेट चुनाव आयोग नहीं बल्कि गृह मंत्रालय देता है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि एसआईआर को लेकर सपा प्रमुख इसलिए बौखलाए हुए हैं, क्योंकि अब उनके गुंडे वोटर लिस्ट में गड़बड़ी नहीं कर पाएंगे। एक-एक घुसपैठियों का नाम मतदाता सूची से बाहर निकाला जा रहा है, इसीलिए विपक्ष बिलबिला रहा है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags