Samachar Nama
×

केरल: त्रिशूर पटाखा फैक्ट्री हादसे पर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने जताया दुख, राहुल गांधी बोले- मंजर दिल दहला देने वाला

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल के त्रिशूर की पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति समेत तमाम नेताओं ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया है।
केरल: त्रिशूर पटाखा फैक्ट्री हादसे पर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने जताया दुख, राहुल गांधी बोले- मंजर दिल दहला देने वाला

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल के त्रिशूर की पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति समेत तमाम नेताओं ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा गया है कि केरल के त्रिशूर में पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट के कारण हुई जानमाल की हानि के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।

उपराष्ट्रपति की तरफ से भी इस घटना पर दुःख व्यक्त किया गया है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि केरल के त्रिशूर स्थित आतिशबाजी कारखाने में हुई दुर्घटना से मैं अत्यंत व्यथित हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

रायबरेली से सांसद राहुल गांधी और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल के त्रिशूर की पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट की घटना पर दुःख जताया।

इस घटना को लेकर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि केरल के त्रिशूर में आतिशबाजी कारखाने में हुए विस्फोट के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। जानमाल का यह दुखद नुकसान और तबाही का भयावह मंजर दिल दहला देने वाला है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। सरकार को त्वरित बचाव कार्य और सभी घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए।

वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि केरल के त्रिशूर में आतिशबाजी कारखाने में हुए विस्फोट में हुई जानमाल की हानि से मैं अत्यंत दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और प्रभावित सभी लोगों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करती हूं।

केरल भाजपा के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि पूरम से ठीक पहले त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में हुए दुखद विस्फोट से मैं अत्यंत व्यथित हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इस असहनीय क्षति से उबरने में मेरी प्रार्थनाएं उनके साथ हैं। विस्फोट में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags