Samachar Nama
×

केरल समेत देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम रहेगा मानसून, आईएमडी का पूर्वानुमान

नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। देश के कई राज्यों में शनिवार को कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं आंधी, धूल भरी हवाओं और ओलावृष्टि हुई। इस बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर भी अहम जानकारी दी है।
केरल समेत देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम रहेगा मानसून, आईएमडी का पूर्वानुमान

नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। देश के कई राज्यों में शनिवार को कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं आंधी, धूल भरी हवाओं और ओलावृष्टि हुई। इस बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर भी अहम जानकारी दी है।

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की निदेशक नीथा के. गोपाल ने आईएएनएस से कहा कि इस बार केरल समेत भारत के अधिकांश हिस्सों में मानसून सामान्य से कम रहने का अनुमान है। जून महीने में भी केरल में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

हालांकि मानसून की शुरुआत के बाद 10 जून के आसपास अच्छी बारिश मिल सकती है, लेकिन इसके बाद फिर बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। ऐसे में पूरे जून महीने का कुल वर्षा स्तर सामान्य से नीचे रहने की आशंका है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। शहर के कई इलाकों में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में शनिवार को मौसम का बड़ा बदलाव देखने को मिला। श्रीकरणपुर, रायसिंहनगर, गजसिंहपुर और बिंजबायला सहित कई इलाकों में तेज धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर टिन की छतें तक उड़ गईं। वहीं सीकर में लगातार दूसरे दिन मौसम बदला रहा। तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

हरियाणा के हांसी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। भिवानी में भी मौसम बदलने के साथ बारिश शुरू हुई। उत्तराखंड के नैनीताल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मौसम की स्थिति और अधिक गंभीर होती जा रही है। पंजाब के पटियाला में काले बादल छाए रहे। वहीं चंडीगढ़ में हुई बारिश ने लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत दी।

मध्य प्रदेश के श्योपुर में अचानक आए तेज तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों में दहशत फैला दी। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जबकि किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है।

--आईएएनएस

वीकेयू/वीसी

Share this story

Tags